धनबाद : सेंट्रल अस्पताल में ऑपरेशन के लिए आये मरीजों से बाहर से दवाइयां व जरूरत के सामान मंगवाये जा रहे हैं. बीसीसीएल के इस सबसे बड़े अस्पताल की हालत यह हो गयी है कि आॅपरेशन के लिए स्प्रीट व ग्लव्स भी बाहर से मंगवाये जा रहे हैं. ऐसे में मरीजों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
भूली डी ब्लॉक निवासी रिटायर्ड बीसीसीएल कर्मी स्व सकलदेव सिंह की पत्नी कमला देवी (65) को स्टोन होने के बाद सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया. शनिवार को ऑपरेशन होना था. ऐसे में नर्स ने ऑपरेशन के लिए स्प्रीट, ग्लव्स, सेक्शन ट्यूब, क्लीप आदि बाहर से लाने के लिए पर्ची थमा दी. इसे लेकर परिजनों ने नाराजगी जतायी, कि इतने बड़े अस्पताल में यह सामान भी नहीं है. इस पर नर्स ने बताया कि बाहर से ही लाना होगा. यहां ये सामान नहीं हैं. मरीज के परिजनों को लगभग पांच हजार रुपये का सामान बाहर से लाना पड़ा है.
अस्पताल में सामानों से लेकर दवाओं तक का टोटा : सेंट्रल अस्पताल आये कमला देवी के पुत्र भोला सिंह ने बताया कि अस्पताल में पहले तो सभी सामान बाहर से लाना पड़ रहा है. ऊपर से अस्पताल में दवाइयां भी नहीं मिल रही है. ऐसे में लोग भी दवा के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं. लेकिन प्रबंधन को इससे कोई मतलब नहीं है.
