धनबाद : धनबाद-धैया रोड पर रविवार को एक के बाद एक तीन सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गयी. पहली घटना सुबह सात बजे बेकारबांध में चंद्रशेखर आजाद चौक के पास घटी. साइकिल से सड़क पार कर रहे दो किशोरों को स्टेशन की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही गोकुल बस ने टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल हवा में कई फुट ऊपर उछल गयी और बस के सामने के शीशे से जा टकरायी. टक्कर की वजह से साइकिल पर आगे बैठे 14 वर्षीय अंकित पांडेय के सिर में गंभीर चोट लगी. वहीं साइकिल चला रहा दूसरा 14 वर्षीय गौतम रवानी गंभीर रूप से घायल हो गया. पीछे से आ रहे इन किशोरों के तीसरे दोस्त राजा ने आस-पास मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को कुछ ही कदम दूर स्थित अस्पताल पहुंचाया. जहां इलाज के दौरान अंकित की मौत हो गयी.
