धनबाद : मेंटेनेंस कार्य के लिए डीवीसी अब रात में बिजली कटौती करेगा. इसकी अधिकतम अवधि साढ़े तीन घंटे होगी. डीवीसी ने बिजली काटने का नया रूटीन जारी कर दिया है. यह अगले आदेश तक जारी रहेगा. पहले डीवीसी दिन में तीन घंटे बिजली की कटौती करता था.
दिन में ऊर्जा विभाग काटता है बिजली
विभिन्न योजनाओं को लेकर उर्जा विभाग पिछले कई महीनों से दिन में भी बिजली की कटौती कर रहा है. बुधवार को बरवाअड्डा क्षेत्र में मेंटेनेंस के नाम पर सवा पांच घंटे बिजली की कटौती की गयी. पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 3:15 बजे तक बरवाअड्डा क्षेत्र में बिजली नहीं रही. इससे भेलाटांड़ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पानी की सप्लाइ में परेशानी हुई. स्टील गेट जलमीनार से पानी की सप्लाइ नहीं हो सकी. वहीं हीरापुर में शाम को 5:35 बजे व पीएमसीएच में शाम को 4:25 बजे जलापूर्ति की गयी.
कब कहां कटेगी बिजली
डीवीसी के गोधर वन फीडर में रात को 9:25 से 10:27 बजे तक उसके बाद बाद रात में ही 11:05 से 1:05 तक बिजली की कटौती की जाएगी. हीरापुर सब स्टेशन में आने वाले क्षेत्र जैसे जय प्रकाश नगर, हीरापुर, तेलीपाड़ा, बारामुड़ी, बेकारबांध, धैया आदि प्रभावित होंगे.
पाथरडीह 33 केवी मेन लाइन में डीवीसी शाम को 6:50 से रात 8:02 तक और रात को 11:50 से 1:02 बजे तक बिजली कटौती करेगा. सरायढेला, बिग बाजार, पीएमसीएच, आमाघाटा आदि क्षेत्र प्रभावित होंगे.
गोधर टू में रात को पहली खेप में 9:15 बजे से 10:35 बजे तक लाइन कटेगी. दोबारा रात को 11:50 में कटेगी और रात को 1:05 बजे आयेगी. प्रभावित क्षेत्रों में बैंक मोड़, नया बाजार, वासेपुर, पांडरपाला, आजाद नगर शामिल होंगे.
मनईटांड़ व भूली में रात को 10:35 बजे शट डाउन होगा. उसके बाद 11:44 बजे बिजली आयेगी. दोबारा रात को 1:10 में बिजली कटेगी और 2:22 बजे रात को आयेगी.
