प्री मॉनसून. एक घंटे की वर्षा से तीन डिग्री गिरा पारा, ऊमस भरी गर्मी से मिली राहत
10-11 जून तक मॉनसून के पहुंचने की है संभावना
धनबाद : कोयलांचल में शुक्रवार को प्री-मॉनसून बारिश ने समय से दस्तक दी. शुक्रवार को लगभग एक घंटे तक हुई बारिश से पारा में तीन डिग्री की कमी आयी. साथ ही लोगों को ऊमस भरी गर्मी से भी राहत मिली. दिन में ही रात का नजारा देखने को मिला. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार ही आज यहां प्री-मॉनसून बारिश शुरू हुई. सुबह से ही धूप-छांव का खेल चल रहा था. दोपहर बाद आसमान में घने काले बादल छा गये. तेज आंधी के बाद दो राउंड में जम कर बारिश हुई. इस दौरान थंडरिंग भी होती रही. लोगों ने प्री-माॅनसून बारिश का जम कर लुत्फ उठाया. बच्चों ने बारिश में भीग-भीग कर मस्ती की. बारिश से सड़कों पर जहां-तहां पानी जमा हो गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक यहां प्री-माॅनसून बारिश होती रहेगी. 10-11 जून तक यहां मॉनसून के पहुंचने की संभावना है.
