धनबाद: गुरुवार को बिजली की कटौती से दिन भर शहरवासी परेशान रहे. शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही. बिजली विभाग के पोल शिफ्टिंग, शहरी विद्युतीकरण योजना और अन्य दूसरे काम को लेकर शहर के कई हिस्सों में घंटों बिजली गुल रहेगी. लोग इससे खासा परेशान दिखे.
नया बाजार सब स्टेशन में आरएआरपी-डीआरपी के काम को लेकर सुबह आठ बजे से ग्यारह बजे तक बिजली की कटौती की गयी. इससे बाइपास रोड, पांडर पाला, शमशेर नगर, श्याम नगर, अंसार नगर रहमतगंज, सिटी कॉलोनी, अमन सोसाइटी, न्यू आजाद नगर आदि क्षेत्र प्रभावित रहे. हीरापुर के सब-स्टेशन में पोल शिफ्टिंग आदि काम को लेकर सुबह दस बजे से शाम चार बजे नीलांचल कॉलोनी, कुसुम विहार, वनस्थली कॉलोनी, सहयोगी नगर आदि क्षेत्रों में बिजली नहीं रही.
वहीं डीवीसी ने भी मेंटेनेंस के नाम पर तीन घंटे बिजली की कटौती की.
एक ही समय हुई जलापूर्ति : गुरुवार को शहर में एक ही टाइम जलापूर्ति हो पायी. वहीं इसमें भी सात जलमीनार से देर से पानी की सप्लाई हुई. गोल्फ ग्राउंड, भूली व पॉलिटेक्निक में शाम को 4:00 बजे जलापूर्ति हो पायी. चीरागोड़ा में शाम के 3:55, हीरापुर में शाम के 3:40, स्टीलगेट में दोपहर 2:30 और पीएमसीएच में दोपहर के 12:35 में जलापूर्ति की गयी.
आज डीवीसी काटेगी साढ़े पांच घंटे बिजली
धनबाद. डीवीसी द्वारा शुक्रवार को शहर में साढ़े पांच घंटे बिजली की कटौती की जायेगी. उक्त जानकारी हीरापुर के सहायक अभियंता श्याम पासवान ने दी. बताया कि 33 केवी गोधर वन और गणेशपुर टू फीडर में 9:30 मिनट से 3:00 बजे तक काम चलेगा. इसके लिए डीवीसी द्वारा बिजली काट दी जायेगी. डीवीसी के दोनों फीडर में काम चलने की वजह से भिस्तीपाड़ा, पांडरपाला, भूली, बारामुड़ी, बरमसिया, पॉलिटेक्निक, जयप्रकाश नगर, कोर्ट कैंपस, मनोरम नगर, एलसी रोड, पार्क मार्केट, हटिया, दामोदरपुर, जेसी मल्लिक, मेमको, लाहबनी, हाउसिंग कॉलोनी, हीरापुर, रेलवे, डीजीएमएस, पुलिस लाइन आदि क्षेत्र शामिल रहेंगे, जहां बिजली नहीं रहेगी.
