केंदुआ : गोधर स्थित छाताटांड़ नगर निगम अंचल कार्यालय में बुधवार को धनबाद-बोकारो सड़क चौड़ीकरण को लेकर आमसभा की गयी. इसमें एलआरडीसी धीरेंद्र कुमार सिंह व धनबाद सीओ प्रकाश कुमार ने लोगों के बीच फोरलेन सड़क चौड़ीकरण से संबंधित बातें रखी. लोगों को मिलने वाले मुआवजे की जानकारी दी.
इस दौरान जनप्रतिनिधियों व लोगों से सुझाव भी मांगे गये. जनप्रतिनिधियों ने रैयतों, सड़क किनारे फुटपाथ पर व बीसीसीएल की जमीन पर घर एवं दुकान बना कर जीविकोपार्जन करनेवालों की बात रखी. वार्ड 12 व 13 पार्षद प्रतिनिधियों गोविंद राउत, श्याम प्रसाद ने रैयतों के साथ ऐसे लोग वहां घर एवं दुकान बनाकर रह रहे हैं उन्हें भी मुआवजा देने की मांग की. मौके पर पिंटू कुमार व अन्य ग्रामीण थे.
माकपा ने की पदयात्रा : भाकपा (मार्क्सवादी) कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सड़क चौड़ीकरण से फुटपाथ दुकानदारों को होनेवाले नुकसान को लेकर केंदुआ से करकेंद तक पदयात्रा निकाली. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. पदयात्रा में सीपीआइएम के जिला सचिव मानस चटर्जी, अशोक वर्मा, केडी सिंह, गुणवंत राय मेहता, भारत भूषण, राजेंद्र दास, चंदू दास, लीलामय गोस्वामी आदि शामिल थे.
