धनबाद/बलियापुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 मई को बलियापुर हवाई अड्डा मैदान से सिंदरी में हर्ल के नये खाद कारखाना की आधारशिला रख सकते हैं. पहले उनका कार्यक्रम गोल्फ ग्राउंड में आयोजित करने की तैयारी चल रही थी. हालांकि पीएमओ से अब तक आधिकारिक रूप से पीएम का कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है. लेकिन ज्यादा संभावना है कि पीएम आइआइटी आइएसएम में दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे.
यहां सेंट्रल लाइब्रेरी का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही सिंदरी में 65 सौ करोड़ की लागत से बनने वाले कारखाना की आधारशिला रखेंगे. एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. शिलान्यास-सह-सभास्थल के लिए पहले गोल्फ ग्राउंड तय हुआ था. लेकिन, यह मैदान सुरक्षा के दृष्टिकोण से फिट नहीं है. संभावित भीड़ को देखते हुए यहां कार्यक्रम कराने में परेशानी हो सकती है. अधिकृत सूत्रों के अनुसार अब गोल्फ मैदान की बजाय पीएम का कार्यक्रम बरवाअड्डा एयरपोर्ट या बलियापुर हवाई अड्डा मैदान में होगा.
आज सीएस, डीजीपी आयेंगे : मंगलवार को एसएसपी मनोज रतन चोथे, डीडीसी सह प्रभारी डीसी कुलदीप चौधरी ने बलियापुर हवाई अड्डा मैदान का निरीक्षण किया. उनके साथ सिटी एसपी पीयूष पांडेय, जैप कमांडेंट निधि द्विवेदी, डीआरडीए के निदेशक पीएन मिश्र सहित कई अधिकारी मौजूद थे. बुधवार को मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, डीजीपी डीके पांडेय यहां आयेंगे. दोनों बलियापुर हवाई अड्डा तथा आइआइटी आइएसएम में कार्यक्रम स्थल का जायजा लेंगे.
