धनबाद : नया बाजार के गद्दी मुहल्ला और भट्ठा मुहल्ला की पांच हजार की आबादी गर्मी के इन दिनों में पेयजल को तरस रही है. पिछले एक माह से इन मुहल्लों में सप्लाइ का पानी नहीं आ रहा है. सरकारी चापाकल से जैसे-तैसे काम चल रहा है.
उपायुक्त और नगर आयुक्त के पास शिकायत करने के बाद भी इनकी परेशानी का हल नहीं निकल रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम से उन्हें कोई सुविधा नहीं मिल रही है. उल्टा उन्हें हर तरह का टैक्स देना पड़ता है. मुहल्ले वाले बताते हैं कि पहले नल में कभी-कभी पानी दिखता भी था. मगर अगल-बगल के अपार्टमेंट व होटल वाले वॉल्ब कस कर पानी की सप्लाइ रोक दिया करते थे.
पिछले एक माह से पानी की एक बूंद भी नल में नहीं दिखी. पेयजल विभाग कहता है कि उनके इलाके में जलापूर्ति की गयी है. मगर उन्हें पानी नहीं मिल रहा है.
वर्षों पुरानी पाइप से हो रही है परेशानी
स्थानीय लोेग बताते हैं कि मैथन जलापूर्ति योजना के पानी के लिए उनके मुहल्ले में नयी पाइप नहीं लगायी गयी. माडा के द्वारा करीब पचास वर्ष पुरानी पाइप के जरिये पानी की सप्लाइ की जा रही है. पाइप फटी हुई है और कई जगह जाम है. इस कारण भी पानी नहीं पहुंच पाता.
