हत्याकांड के मास्टर माइंड जेल में बंद पंकज सिंह की ओर से दायर अर्जी पर सुनवाई सोमवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजीव रंजन की अदालत में हुई. बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता सहदेव महतो ने बहस की. अभियोजन से अपर लोक अभियोजक मो जब्बाद हुसैन ने भी अपना पक्ष रखा. अदालत ने अभय पक्षों की दलील सुनने के बाद आदेश की तिथि चार मई 18 को मुकर्रर कर दी. ज्ञात हो कि 21 मार्च 17 को अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया था.
उपभोक्ता फोरम ने पीएफ राशि भुगतान का दिया आदेश
जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष नित्यानंद सिंह सदस्यद्वय पुष्पा सिंह व नरेश प्रसाद सिंह की तीन सदस्यीय पीठ ने सोमवार को संयुक्त रूप से आदेश पारित कर परिवादी कतरास मोड़ झरिया निवासी सुरेश सिंह के पक्ष में फैसला सुनाया. फोरम ने विपक्षी संख्या-1 प्रोजेक्ट ऑफिसर शिमलाबहाल कोलियरी व विपक्षी संख्या-2 जेनरल मैनेजर (कार्मिक) कोयला भवन (बीसीसीएल) धनबाद को सख्त निर्देश दिया कि वे साठ दिनों के भीतर पीएफ एवं पेंशन की कटौतियों पर इतनी रकम और जोड़ते हुए साढ़े आठ फीसदी वार्षिक सूद के साथ कटौती की तिथि से सीएमपीएफ को जमा करने की तिथि तय जोड़कर सीएमपीएफ में जमा करे या चाहे तो स्वयं परिवादी को भुगतान कर दे.फोरम ने अलग से विपक्षीद्वय को पांच हजार रुपये बाद खर्ज एवं मानसिक परेशानी के लिए परिवादी को भुगतान करने का आदेश दिया.
विधायक संजीव सिंह के डिस्चार्ज पिटीशन पर आदेश की तिथि तय
धनबाद. आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले की सुनवाई सोमवार को न्यायिक दंडाधिकारी स्वाति विजय उपाध्याय की अदालत में हुई. अदालत ने अभियोजन की बहस के बाद संजीव सिंह के डिस्चार्ज पीटीशन पर आदेश की तिथि सात मई 18 निर्धारित कर दी. भाजपा विधायक संजीव सिंह के अधिवक्ता जावेद ने डिस्चार्ज पीटीशन दायर किया था. उक्त पीटीशन पर उसने बहस भी कर दी थी. विदित हो कि आठ दिसंबर 14 को झरिया विधानसभा क्षेत्र के उड़नदस्ता दंडाधिकारी चुड़का मुर्मू झरिया क्षेत्र में निरीक्षण कर रहे थे.
निरीक्षण के दौरान बरारी हाड़ी पट्टी मंदिर के सामने बीसीसीएल क्वार्टर में लगे पेड़ पर कांग्रेस का झंडा लगा था. वहीं मस्तान रोड बरारी में बिजली पोल पर भाजपा का झंडा तथा बरारी मोड़ पर बिजली पोल में मासस का झंडा बिना सक्षम पदाधिकारी के अनुमति का लगा था. उड़नदस्ता दंडाधिकारी ने तीनों पार्टियों के झंडे के जब्त कर उनके प्रत्याशियों क्रमश: संजीव, नीरज सिंह व रुस्तम अंसारी के खिलाफ जोड़ापोखर थाना में कांड संख्या 404/14 दर्ज कराया. 30 जून 15 को केस के अनुसंधानक अलोमणि केरकेट्टा ने चार्जशीट दायर किया था.
नीरज सिंह हत्याकांड : संजीव के आवेदन पर अभियोजन को रिज्वाइंडर देने का निर्देश
धनबाद. पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या मामले की सुनवाई सोमवार को अपर जिला व सत्र न्यायाधीश सप्तम रिजवान अहमद की अदालत में हुई. अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जेल में बंद भाजपा के झरिया विधायक संजीव सिंह, डबलू मिश्रा, धनजी, जैनेंद्र सिंह उर्फ पिंटू सिंह, संजय सिंह, विनोद सिंह शूटर अमन सिंह, सागर उर्फ शिबू चंदन सिंह उर्फ रोहित सिंह व सोनू उर्फ कुर्बान अली की पेशी करायी गयी.
संजीव की ओर से 27 मार्च 18 को दायर पिटीशन पर बहस अधिवक्ता जावेद ने की. मौके पर लोक अभियोजक टीएन उपाध्याय ने भी अपना पक्ष रखा. लेकिन, अदालत ने उन्हें रिज्वाइंडर दाखिल करने का निर्देश दिया. अब इस मामले में सुनवाई आठ मई को होगी.
सुरेश सिंह हत्याकांड में अभियोजन को गवाह लाने का आदेश
धनबाद. कोयला व्यवसायी सुरेश सिंह हत्या मामले में सुनवाई सोमवार को एडीजे एके पांडेय की अदालत में हुई. अदालत में आरोपी मोनू सिंह व प्रमोद लाला हाजिर थे. अदालत ने अभियोजन को गवाह लाने का आदेश दिया. अब इस मामले में सुनवाई सात मई को होगी. विदित हो कि सात दिसंबर 2011 को धनबाद क्लब में प्रीतिभोज के दौरान सुरेश सिंह की हत्या अपराधियों ने गोली मार कर कर दी थी. घटना के बाद मृतक के पिता तेज नारायण सिंह ने धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
