धनबाद : शहर में पानी की समस्या लगातार बनी हुई है. शनिवार को दो जलमीनार से पानी नहीं खुलने के बाद रविवार को भी पुराना बाजार के लोग प्यासे रह गये. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एसडीओ राहुल प्रियदर्शी के अनुसार पानी नहीं मिलना, देरी से सप्लाई होना, यह सब बिजली विभाग की लापरवाही से हो रहा है. उनके पास पानी की कोई कमी नहीं है. मगर कट-कट कर बिजली आने से उन्हें पानी देने में काफी परेशानी हो रही है.
बताया कि दस मिनट अगर बिजली कट जाती है तो उन्हें 40 मिनट का नुकसान हो जाता है. मशीन चालू करने में चालीस मिनट का समय लगता है. बिजली आती है, जैसे ही टंकी भरने के लिए मशीन शुरू करते हैं, उतनी देरी में बिजली चली जाती है. इसी वजह से कई जगह देरी से और कई जगह पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है.
सात जलमीनार से देरी से सप्लाई
रविवार को भी सात जलमीनार से देर से सप्लाई शुरू हुई. इसमें सबसे देरी धनसार में हुई. धनसार में शाम 6:30 में पानी मिला, बरमसिया में 6:15, मटकुरिया में 5:00, मनईटांड में 4:45, भूली व पॉलिटेक्निक में 1:30 और धोवाटांड़ में 1:20 बजे पानी मिला. बताते चलें कि धोवाटांड़ में शनिवार को भी पानी नहीं मिला था.
कृष्णानगर में नहीं सुधरी स्थिति : कोयला नगर से सटे कृष्णानगर मुहल्ले में चार दिनों से थोड़ा-थोड़ा कर पानी मिल रहा है. इससे लोगों में आक्रोश है. पांच दिनों के बाद भी वहां की स्थिति नहीं सुधरी है. हालांकि इस मामले में अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं है.
