धनबाद : जदयू के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो ने कहा है कि बाघमारा में अराजक स्थिति है. वहां के विधायक ढुलू महतो समानांतर सरकार चला रहे हैं.
श्री महतो ने मंगलवार को डीसी ए दोड्डे को एक ज्ञापन दिया. उनके साथ जिप सदस्य सुभाष राय, रेखा देवी, जदयू के ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजू सिंह, कांग्रेस नेता लगनदेव यादव भी मौजूद थे. नेताओं ने कहा कि अगर सरकार एवं जिला प्रशासन ने विधायक पर अंकुश नहीं लगाया तो वहां कभी भी खून-खराबा हो सकता है.
बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही बाघमारा की जनता सड़क पर उतरेगी. सभी विपक्षी दल उनके खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे. 23 अप्रैल को संयुक्त मोर्चा की ओर से वहां धरना दिया जायेगा. कहा कि विधायक की मर्जी के बगैर अगर कोई डीओ लगाता है तो उसे कोयला उठाने नहीं दिया जाता. जिप सदस्य सुभाष राय को भी कोयला उठाने नहीं दिया गया. उनसे रंगदारी मांगी जा रही है. इससे राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की छवि खराब हो रही है. इस पर संज्ञान लेने की जरूरत है.
