धनबाद: राज्य की मुख्य सचिव राजबाला वर्मा के निर्देश के बाद आरएसपी कॉलेज स्थानांतरित करने के लिए जिला प्रशासन रेस हो गया है. सीएसके निर्देश के बाद उपायुक्त ए दोड्डे ने संबंधित लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर आरएसपी कॉलेज को तत्काल शिफ्ट करने का निर्देश दिया है. उन्होंने इसके लिए 12 लोगों की कमेटी बनायी है.
उपायुक्त श्री दोड्डे ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि भू-गर्भीय अग्नि प्रवाह एवं भू-धंसान से संभावित खतरा को ध्यान में रखते हुए कॉलेज के प्राचार्य और बीसीसीएल के लोदना तथा बस्ताकाेला क्षेत्र के महाप्रबंधक के साथ अविलंब समन्वय स्थापित करें और कॉलेज को बीसीसीएल के जियलगोरा स्थित क्षेत्रीय अस्पताल भवन तथा बनियाहीर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल स्थानांतरित करें. महाविद्यालय के स्थानातंरण की कार्रवाई में संबंधित विभाग एवं संस्थानों के आपसी समन्वय की नितांत आवश्यकता है. उपायुक्त की ओर से बनाये गये दल में 12 लोगों को रखा गया है.
उनमें राकेश कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी, विधि- व्यवस्था, जेएम लुगून प्राचार्य, आरएसपी कॉलेज, राकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिंदरी, महाप्रबंधक, बीसीसीएल बस्ताकोला क्षेत्र, महाप्रबंधक, बीसीसीएल लोदना क्षेत्र, चंद्रजीत सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, केदार नाथ सिंह, अंचलाधिकारी, डॉ जेएन सिंह, प्रभारी प्राध्यापक आरएसपी कॉलेज, डॉ एन महतो, एसोसिएट प्रोफेसर, आरएसपी कॉलेज व डॉ बीएन सिंह, सहायक प्राध्यापक, आरएसपी कॉलेज.
