शहीद सैनिक नीरज चौधरी की प्रतिमा का सांसद ने किया अनावरण

सियाचीन के शहीद नीरज चौधरी को गांव ने दी श्रद्धांजलि, सांसद ने किया प्रतिमा अनावरण

मधुपुर. सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने रविवार को मधुपुर प्रखंड क्षेत्र के कजरा गांव में आयोजित समारोह में सियाचीन में शहीद हुए सैनिक नीरज चौधरी की प्रतिमा का अनावरण किया. इस अवसर पर गांव को मुख्य पथ से जोड़ने वाली सड़क और नाला निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया. कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और शहीद नीरज चौधरी अमर रहे के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा. समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि कजरा गांव के वीर शहीद नीरज चौधरी ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है और वे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने कहा कि शहीद की शहादत के बाद जब वे गांव आए थे, तब ग्रामीणों ने गांव की सड़क और नाला निर्माण की मांग की थी, जबकि शहीद की माता की इच्छा थी कि उनके पुत्र की प्रतिमा स्थापित की जाए ताकि वे प्रतिदिन उसका दर्शन और पूजन कर सकें. सांसद ने कहा कि प्रतिमा अनावरण से पहले ही शहीद की माता का निधन हो गया. उन्होंने बताया कि उनकी इच्छा थी कि सियाचीन देखने के बाद ही प्रतिमा का अनावरण करें. इसी क्रम में वे 12 मई को लेह और लद्दाख गए तथा वहां से सियाचीन पहुंचे. उन्होंने कहा कि सियाचीन और आसपास के इलाके अत्यंत दुर्गम हैं, जहां बिना ऑक्सीजन के रहना संभव नहीं है. अपने संबोधन में सांसद ने मधुपुर की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि छोटे-छोटे स्वार्थ और पैसों के लिए लोग मारपीट और झगड़े पर उतारू हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी ऐसी स्थिति थी, लेकिन वहां 822 वर्षों बाद हिंदूवादी सरकार बनी. उन्होंने झारखंड में भी ऐसी व्यवस्था की आवश्यकता बताते हुए लोगों से संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की. उन्होंने ने कहा कि वर्ष 2009 से अब तक सांसद निधि का करीब 60 करोड़ रुपये बचा हुआ है, क्योंकि वे सांसद निधि को भ्रष्टाचार का अड्डा मानते हैं. उन्होंने कहा कि शिशु मंदिर को छोड़कर उन्होंने आज तक किसी संस्था को सांसद निधि की राशि नहीं दी. उनकी इच्छा है कि 100 एकड़ जमीन पर एक विशाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाये, जहां संथाल परगना के शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं और जीवनी स्थापित हों. उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम में एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था होनी चाहिए और इसके निर्माण पर 500 से 1000 करोड़ रुपये तक खर्च करने को भी वे तैयार हैं. सांसद ने कहा कि युवा पीढ़ी को शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों की जीवनी से प्रेरणा लेकर मातृभूमि और देशहित में आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने शहीद नीरज चौधरी की बहन को अपनी बहन बताते हुए कहा कि उसकी शादी में बारातियों के भोजन और नाश्ते का पूरा खर्च वे स्वयं उठायेंगे. साथ ही उन्होंने शहीद की प्रतिमा स्थल पर उनके माता-पिता की तस्वीर और नाम भी लगाने का निर्देश दिया, ताकि लोग शहीद के परिवार को भी जान सकें. वहीं, कार्यक्रम का संचालन राम सेवक गुंजन ने किया. मौके पर भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह, जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, भाजपा नेत्री विशाखा सिंह, भरत लाल भैया, जिला उपाध्यक्ष अधीर चंद्र भैया, पूर्व नप अध्यक्ष संजय यादव, पूर्व जिप सदस्य बालवीर राय, नगर अध्यक्ष रवि रवानी, महिला मोर्चा नेत्री सुनीता जायसवाल, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ रवानी, विनय वर्मा, मुखिया ललन मिश्रा, प्रखंड अध्यक्ष अनूप भैया, मोहन मंडल, देवता पांडेय, रुद्र नारायण, महेंद्र भोक्ता, मुकेश मिश्रा, संतोष तिवारी, हरि किशोर सिंह, बीनू यादव, गोपी बर्मन समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे. ——- युवाओं को प्रेरणा देगा शहीद नीरज का स्मारक, सांसद ने रखी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की योजना सियाचीन के वीर सपूत को सलाम, कजरा में हुआ भव्य प्रतिमा अनावरण समारोह भारत माता की जय के नारों से गूंजा कजरा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Balram

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >