धनतेरस पर बर्तन और ज्वेलर्स की दुकानें हुईं गुलजार

मधुपुर में धनतेरस को लेकर बाजार पूरी तरह से सज चुका है

मधुपुर. धनतेरस को लेकर बाजार पूरी तरह से सज चुका है. यहां बर्तन से लेकर इलेक्ट्रानिक दुकानों में अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है. जीएसटी की नयी दरें लागू होने के कारण बाजारों में इस बार रौनक कुछ ज्यादा ही दिखाई दे रही है. जरूरत के हर सामान में जीएसटी में कमी के कारण दाम में कमी आई है, जिसका लोग लाभ उठाने के लिए भी तैयार है. वहीं, धनतेरस और दीपावली को लेकर दुकानदार भी पूरी तरह से तैयार है.

जीएसटी में आई कमी से बाजार में बढ़ी रौनक:

इलेक्ट्रॉनिक आइटम से लेकर बाइक और कार की खरीदारी पर जीएसटी में 10 प्रतिशत की कमी आने के कारण न सिर्फ इनकी कीमतों में कमी आई है, बल्कि ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदार भी आकर्षक ऑफर के साथ लोगों को धनतेरस और दीपावली पर खरीदारी के लिए आमंत्रित कर रहे हैं. वहीं, सोना और चांदी की कीमतों में उछाल के कारण लोग तांबा, पीतल और कांसा के बर्तन की खरीदारी की विशेष डिमांड कर रहे हैं. लोगों की डिमांड को देखते हुए बर्तन दुकानदारों ने भी व्यापक तैयारी कर रखी है. आकर्षक उपहार और छूट के साथ कॉपर मटका और ब्रास का कुकर भी इस बार विशेष तौर पर मार्केट में दिख रहा है. इसके अलावा छठ के बर्तन भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करा लिए गए हैं. इसके अलावा फर्नीचर दुकानों में भी खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ देखी जा रही है. धनतेरस के मद्देनजर सामानों की खरीदारी पर मिलने वाले छूट के साथ लोगों को इस बार जीएसटी में कटौती का भी लाभ मिलने वाला है. ऐसे में ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही के साथ दुकानदार भी उत्साहित हैं और इसे सीधे तौर पर बाजार में लौटी रौनक के लिए जीएसटी में हुई कटौती को मुख्य कारण मान रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BALRAM

BALRAM is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >