नाला खोदने के क्रम में ढही मदरसा की दीवार, मजदूर की मौत

मधुपुर: नाला खुदाई के दौरान ढही मदरसा की दीवार

मधुपुर. थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगढ़ स्थित मदरसा दीनिया इस्लामिया परिसर में मंगलवार को हुए हादसे में एक मजदूर की दबकर मौत हो गयी. घटना उस समय हुई जब मदरसा परिसर से सटाकर नाला निर्माण के लिए मिट्टी की खुदाई की जा रही थी. दीवार गिरने की इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. दरअसल, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से करीब 45 लाख रुपये की लागत से मदरसा का जीर्णोद्धार कार्य कराया जा रहा है. इसी योजना के तहत पानी निकासी के लिए नाली निर्माण का काम चल रहा था. मजदूर मदरसा की दीवार से सटाकर मिट्टी की खुदाई कर रहे थे. इसी दौरान दीवार के नीचे की मिट्टी कट जाने से अचानक ईंट की दीवार भर-भराकर गिर गयी और वहां काम कर रहे मजदूर तकबूल शेख (31) उसके नीचे दब गया. घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मलबा हटाकर तकबूल को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. हादसे की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गयी. मृतक तकबूल शेख लालगढ़ मोहल्ले का रहने वाला था. घटना की सूचना मिलते ही मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद, इंस्पेक्टर इंचार्ज संतोष कुमार गुप्ता, करौं सीओ ऋषिराज, मधुपुर महिला थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल देवघर भेज दिया. हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जाता है कि तकबूल अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. पत्नी के अलावा उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी. घटना के बाद अंचल अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मृतक के आश्रितों को विधवा पेंशन, अबुआ आवास और अन्य सरकारी सुविधाएं दिलाने का आश्वासन दिया. वहीं मंत्री हफीजुल हसन ने फोन पर उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही. नगर परिषद अध्यक्ष दरक्शां परवीन और उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज ने भी मृतक की पत्नी को भरण-पोषण के लिए नगर परिषद में उचित काम दिलाने का भरोसा दिया. मौके पर पूर्व नप अध्यक्ष फैयाज कैशर, पूर्व पार्षद रवि रवानी, गुलाम अशरफ राजू और मुशर्रफ हुसैन आदि मौजूद थे. — मधुपुर के लालगढ़ स्थित मदरसा दीनिया इस्लामिया परिसर की घटना सीओ ने मृतक के आश्रितों को सरकारी सुविधाएं दिलाने का दिया आश्वासन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: BALRAM

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >