बिना सूचना अनुपस्थित कर्मचारी की सीएस ने हाजिरी काटी

मधुपुर अस्पताल में निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश

मधुपुर. सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार ने शनिवार को अनुमंडलीय अस्पताल मधुपुर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया. अवलोकन के क्रम में प्रदीप हेंब्रम, सफाईकर्मी को 22 अप्रैल से लगातार बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाये जाने पर उनकी हाजिरी काट दी गयी. आरबीएसके चिकित्सा पदाधिकारी से माइक्रोप्लान की मांग सिविल सर्जन द्वारा की गयी. इस पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक ने बताया कि मार्च माह से अब तक माइक्रोप्लान समर्पित नहीं किया गया है, जिस पर सिविल सर्जन ने नाराजगी व्यक्त की. इस दौरान सिविल सर्जन ने कुपोषण उपचार केंद्र में बेड ऑक्युपेंसी बढ़ाने का निर्देश उपाधीक्षक डॉ शाहिद को दिया. साथ ही उन्होंने सीडीपीओ से संपर्क कर कुपोषित बच्चों के उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. सिविल सर्जन ने पुरुष वार्ड, महिला वार्ड व एनबीएसयू का निरीक्षण किया तथा वहां भर्ती मरीजों व उनके परिजनों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. उन्होंने मुख्य ओटी व माइनर ओटी का भी निरीक्षण किया. इसके साथ ही बिजली बैकअप व्यवस्था की जांच की गयी और लोड के अनुसार बैटरी एवं इन्वर्टर बढ़ाने का निर्देश उपाधीक्षक को दिया गया. प्रसव कक्ष व ओटी में बिजली, सोलर, इन्वर्टर तथा जनरेटर के माध्यम से बैकअप व्यवस्था को ऑन द स्पॉट चेक किया गया. वहीं, चिकित्सा पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बच्चे के जन्म के पश्चात अविलंब टीकाकरण करने का निर्देश दिया गया. आपातकालीन विभाग के इंचार्ज को पर्याप्त मात्रा में सांप काटने की दवा (एंटी वेनम) एवं कुत्ता काटने की दवा (एंटी रेबीज) उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया. एनसीडी कक्ष के निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने उपस्थित सीएचओ को आभा कार्ड बनाने का निर्देश दिया. ओपीडी कक्ष में उन्होंने चिकित्सकों को भीषण गर्मी को देखते हुए प्रत्येक मरीज को अन्य दवाओं के साथ ओआरएस देने का निर्देश दिया. लैब जांच घर, एक्स-रे विभाग, नेत्र कक्ष, दवा वितरण कक्ष, टीकाकरण कक्ष, कोल्ड चैन, दंत विभाग, लेप्रोसी एवं टीबी विभाग के निरीक्षण के दौरान इनका संचालन सुचारू पाया गया. निबंधन कक्ष में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत मरीजों के ऑनलाइन निबंधन के लिए निर्गत पर्ची की जांच की गयी. साथ ही वहां कार्यरत कर्मियों को आभा कार्ड बनाने का निर्देश दिया गया. माैके पर उपाधीक्षक डॉ शाहिद, डॉ अविजा निगार, प्रधान लिपिक विष्णु कुंवर, कुमार अभिषेक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक आलोक नाथ, प्रखंड लेखा प्रबंधक प्रशांत सौरभ, प्रखंड डाटा प्रबंधक दामोदर वर्मा, संतोष कुमार सुधांशु, रुपेश कुमार, रंधीर कुमार, रंजीत कुमार समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे. हाइलार्ट्स : सिविल सर्जन ने अनुमंडलीय अस्पताल का किया निरीक्षण मधुपुर अस्पताल में गिरी गाज: माइक्रोप्लान न मिलने पर सिविल सर्जन नाराज एंटी वेनम और एंटी रेबीज दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर कुपोषण केंद्र से लेकर ओटी की सेवा में सुधार के दिये निर्देश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Balram

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >