देवघर: बाबा मंदिर इस्टेट की ओर से दीवाली की तैयारी शुरू कर दी गयी है. मंदिर में दो नवंबर शाम सात बजे अमावस्या तिथि पड़ने के बाद से ही मां काली की पूजा शुरू हो जायेगी.
इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने तैयारी शुरू कर दी है. मूर्तिकार सुनील झा मंगलवार से प्रतिमा बनाने का काम शुरू करेंगे. वहीं शहर में तीन नवंबर को दीवाली मनायी जायेगी. देवनगरी में एक नवंबर को पारंपरिक तरीके से सभी घरों के सामने यम का दीप जलाया जायेगा. इस दिन परंपरा के अनुसार, बच्चे लाठी पटक-पटक कर ‘इम जाम जम राजा’ का उद्घोष करेंगे. वहीं शाम पांच बजे से सभी प्रमुख चौराहों के अलावा बाबा मंदिर के सिंह द्वार पर पितृहीन लोग अपने घरों से सोनलाठी जलाकर लायेंगे. इस संबंध में इस्टेट पुरोहित पंडित माया शंकर शास्त्री ने बताया कि सोनलाठी जलाने का मुख्य उद्देश्य अपने पूर्वजों को प्रकाश दिखाना है.
