देवघर: एक नवंबर से इलेक्ट्रिक सप्लाई एरिया बोर्ड गिरिडीह के अधीन देवघर व गोड्डा डिवीजन काम करेगा. बोर्ड के निर्णय के बाद सचिव पीआरके सिन्हा ने यह अधिसूचना जारी की है.
झारखंड राज्य विद्युत बोर्ड के नये फरमान के बाद पदाधिकारियों व कर्मचारियों के साथ-साथ उपभोक्ताओं की मुश्किलें काफी बढ़ जायेगी. वर्तमान में देवघर व गोड्डा डिवीजन का कामकाज इलेक्ट्रिक सप्लाई एरिया बोर्ड दुमका के अधीन हो रहा है. एक नवंबर से इलेक्ट्रिक सप्लाई एरिया बोर्ड दुमका के अधीन दुमका व साहिबगंज डिवीजन काम करेगा.
नये इलेक्ट्रिक सप्लाई एरिया बोर्ड गिरिडीह में महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता व उप महाप्रबंधक सह विद्युत अधीक्षण अभियंता कामकाज देखेंगे. विभागीय जानकारों की मानें, तो दुमका के बजाय एरिया बोर्ड गिरिडीह कार्यालय देवघर व गोड्डा के लोगों के लिए हितकर नहीं होगा. सबसे अधिक परेशानी गोड्डा डिवीजन के लोगों को होगी.
व्यावहारिक परेशानी :
– लंबित शिकायत के लिए उपभोक्ताओं को गिरिडीह का लगाना होगा चक्कर
– महाप्रबंधक से मिल कर शिकायत करना होगा मुश्किल
– गिरिडीह जाने-आने के लिए सहज उपलब्ध नहीं होगा ट्रेन व बसें
– बिजली अदालत में उपभोक्ताओं को फरियाद में होगी परेशानी
– आवागमन सुगम नहीं होने की वजह से पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को एरिया बोर्ड पहुंचना होगा मुश्किल
