पालोजोरी : जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोका गांव के युगल दास ने पालोजोरी थाने में जीवनाबांध निवासी दामाद कमल दास सहित उसकी भाभी चंपा दास व बड़े भाई निर्मल दास पर प्राथमिकी दर्ज करायी है.
आरोपितों पर बेटी को जहर खिला कर मार डालने का आरोप लगाया है. दर्ज मामले में युगल दास ने कहा है कि पुत्री साबो (23) की शादी छ: साल पूर्व पालोजोरी थाना क्षेत्र के जीवनाबांध गांव निवासी बालो दास के पुत्र कमल दास के साथ की थी. शादी के बाद से ही दामाद पत्नी से ज्यादा अपनी भाभी का ख्याल रखता था.
इसकी सूचना उन्हें जीवनाबांध में ही ब्याही दूसरी बेटी से लगातार मिलती थी. इधर तीन माह पूर्व साबो को एक पुत्र हुआ था, जो नहीं बच पाया. आवेदन में यह भी जिक्र है कि दामाद बाहर से कमाई कर पैसे लाता था तो भाभी को ही देता था. रविवार की सुबह दूसरी बेटी की पुत्री ने फोन पर सूचना दी कि मौसी को जहर देकर उसके सुसरालवालों ने मार डाला है.
सूचना मिलते ही जीवनाबांध पहुंचे. देखे कि साबो खाट पर मृत पड़ी है और उसके मुंह से झाग निकल रहा है. सूचना पाकर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो सशस्त्र बलों के साथ जीवनाबांध पहुंचे. मृतका की लाश का पंचनामा कर अंत्यपरीक्षण के लिये सदर अस्पताल भेजा. सभी आरोपित घर छोड़ फरार हैं. उनलोगों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है.
