देवघर: राजीव गांधी पंचायत शक्तिकरण अभियान के तहत मोहनपुर प्रखंड के मेदनीडीह पंचायत को राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार के लिए देवघर से चयन किया गया है. शुक्रवार को जिलास्तरीय कमेटी ने इस पर मुहर लगा दी. इस पुरस्कार के लिए जिले भर से 102 पंचायतों ने दावेदारी पेश किया था. इसमें मेदनीडीह ने 101 पंचायत को पीछे छोड़ दिया. मेदनीडीह को इसमें 95 अंक प्राप्त हुआ. राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार के लिए पंचायतीराज में ग्राम सभा की भूमिका का आंकलन करना था.
इसमें मुखिया राकेश झा के नेतृत्व में मेदनीडीह पंचायत सभी बिंदुओं पर खरा उतरा. जिलास्तरीय कमेटी ने पाया कि मेदनीडीह पंचायत में ग्राम सभा की बैठक में सामाजिक सुरक्षा, प्राथमिक शिक्षा, कृषि, पेयजल व स्वच्छता, स्वास्थ्य, मनरेगा व सोशल ऑडिट की चर्चा निरंतर होती है. जांच में मेदनीडीह पंचायत की ग्राम सभा पर्याप्त महिलाओं की हिस्सेदारी होती है और ग्राम सभा कार्यवाही मानक के अनुरूप है. जांच कमेटी में डीसी राहुल पुरवार, डीडीसी शशि रंजन प्रसाद सिंह, सीएस, डीइओ, डीपीओ,डीएसइ, सीडीपीओ व डॉ मनोज कुमार सिन्हा थे.
देश भर में 20 पंचायत को मिलेगा पुरस्कार
राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार देश भर के 20 पंचायतों को मिलेगा. इसमें पंचायतों को पुरस्कार राशि दस लाख रुपये दिये जायेंगे. डीडीसी शशि रंजन प्रसाद सिंह ने बताया कि मेदनीडीह पंचायत को जिलास्तर पर चयन कर प्रस्ताव रांची भेज दिया गया है. 30 सितंबर कोराज्य के सभी 24 जिलों से आये पंचायतों में एक पंचायत का चयन किया जायेगा. फिर राज्य से एक पंचायत का प्रस्ताव केंद्रीय पंचायतीराज मंत्रलय को भेजा जायेगा.
