देवघर : इन दिनों जसीडीह स्टेशन के आसपास चार पहिया गाड़ी लेकर रेल यात्रियों को झांसे में लेकर ठगी करने वाला गिरोह काफी सक्रिय है. गुरुवार को दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस से जसीडीह स्टेशन पर उतरे बिहार अंतर्गत चकाई थाना क्षेत्र के मंगताडीह निवासी विजय कुमार सिन्हा को इसी प्रकार ठगी का शिकार बना लिया गया. स्टेशन से उतरकर पैदल निकलकर आ रहा था कि हटिया चौक के समीप एक चारपहिया गाड़ी वाले ने पूछताछ की. उसने बताया कि चकाई जाना है, साथ ले जायेगा.
उसके झांसे में आकर विजय गाड़ी पर बैठ गया. देवघर की तरफ जाते देखकर पूछताछ की. गाड़ी में चालक के अलावे अन्य दो लोग बैठे थे. उन लोगों ने बोला कि एसडीएम ऑफिस से पैसा लेकर चकाई ब्लॉक जाना है. विजय से नकद 20,000 रुपया सहित मोबाइल, एटीएम व पिन आदि सील कराने का झांसा देकर ले लिये.
इसके बाद डीसी आवास के पास उतारकर एसडीएम के पास से आने की बात कही. करीब दो घंटे तक नहीं आने पर विजय को शंका हुई, तब वह शिकायत देने नगर थाना पहुंचा. नगर पुलिस ने विजय का आवेदन जसीडीह थाने को भेज दिया. ऐसी घटनाएं लगातार हो रही है. बावजूद देवघर पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है.
