बाबा मंदिर प्रबंधन बोर्ड की बैठक में निर्णय, प्रवेश कार्ड से ही होगा जलार्पण

देवघर: श्रावणी मेले से पहले विभिन्न मुद्दों पर लिए गये निर्णयों को हरी झंडी देने के लिए बाबा मंदिर प्रबंधन बोर्ड की बैठक बुधवार को मंदिर प्रशासनिक भवन में हुई. बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष टीपी सिन्हा ने की. बैठक में श्रवणी मेले के दौरान भक्तों की सुविधा को लेकर कई निर्णयों पर विचार-विमर्श […]

देवघर: श्रावणी मेले से पहले विभिन्न मुद्दों पर लिए गये निर्णयों को हरी झंडी देने के लिए बाबा मंदिर प्रबंधन बोर्ड की बैठक बुधवार को मंदिर प्रशासनिक भवन में हुई. बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष टीपी सिन्हा ने की. बैठक में श्रवणी मेले के दौरान भक्तों की सुविधा को लेकर कई निर्णयों पर विचार-विमर्श हुआ. अध्यक्ष श्री सिन्हा ने पत्रकारों को बताया कि श्रवणी मेले में सभी भक्तों को प्रवेश कार्ड सिस्टम से ही जलार्पण करना होगा.

यह कार्ड सभी भक्तों को नि:शुल्क मिलेगा. पांच से छह सेकेंड में फोटो युक्त कार्ड भक्तों को उपलब्ध करा दिया जायेगा. यह लेमिनेशन युक्त रहेगा. कार्ड बारिश में खराब नहीं होगा. कार्ड अलग-अलग अवधि के लिए छह रंगों का होगा. प्रत्येक कार्डधारी को बारी-बारी दो-दो घंटे में कतार में प्रवेश कराया जायेगा.

प्रतिदिन दो सौ वीआइपी पास जारी होंगे

अध्यक्ष ने कहा : श्रवणी माह में प्रतिदिन दो सौ वीआइपी कार्ड जारी किया जायेगा. आम व खास सभी भक्तों को अरघा के माध्यम से ही जलार्पण करना होगा. शीघ्र दर्शनम वाले भक्तों को बीएन झा पथ के मानसरोवर तट स्थित बासंती मंडल के पास कतार में प्रवेश कराया जायेगा.

शीघ्र दर्शनम पास अब एक हजार में

बोर्ड की बैठक में एक अहम निर्णय यह भी हुआ है कि इस बार शीघ्र दर्शनम पास के लिए श्रद्धालुओं को एक हजार रुपये देने होंगे. हालांकि अध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में धर्मरक्षिणी से बातचीत होगी, उसके बाद ही रेट फाइनल किया जायेगा. मंदिर कैंपस में इस बार कोई काउंटर नहीं रहेगा. इससे मंदिर परिसर में अनावश्यक भीड़ नहीं रहेगी. भक्तों को व्यवस्थित करने में उमा भवन का भी उपयोग किया जायेगा.

वैकल्पिक व्यवस्था का भी इंतजाम

अध्यक्ष ने कहा कि लिंक फेल होने पर यदि प्रवेश कार्ड सिस्टम जारी करने में व्यवधान उत्पन्न हुआ तो इस बार हाथ से भी कार्ड में टाइम लिखकर प्रवेश कार्ड जारी करने की वैकल्पिक व्यवस्था रहेगी. ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो.

बैठक में जो हुए शामिल : सांसद निशिकांत दुबे, सचिव सह डीसी अमीत कुमार, एसपी राकेश बंसल, पूर्व मंत्री कृष्णानंद झा, ताराचंद जैन, दिलीप जैरथ, मंदिर प्रभारी बिंदेश्वरी झा सहित कई अधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >