चितरा. अवैध शराब कारोबार के खिलाफ देवघर उत्पाद विभाग की टीम कार्रवाई करते हुए रविवार शाम चितरा थाना पुलिस के सहयोग से क्षेत्र में संयुक्त रूप से सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान दिग्घी, घोंसी और जमुआ गांव में दबिश दी गयी, जहां विभिन्न ब्रांड की भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की गयी. इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने कई संदिग्ध दुकानों की तलाशी ली, जहां अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही थी. छापेमारी के क्रम में कोलियरी क्षेत्र के गिरजा गेट के पास स्थित एक होटल की भी जांच की गयी, हालांकि वहां से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई. इस अभियान का नेतृत्व उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार और चितरा थाना प्रभारी विपिन कुमार ने संयुक्त रूप से किया. गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए देवघर भेज दिया गया है. इस संबंध में उत्पाद विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका.
चितरा : अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार
उत्पाद विभाग व चितरा पुलिस ने कई स्थानों में चलाया छापेमारी अभियान, किया अवैध शराब बरामद, तीन गिरफ्तार
