देवघर : जसीडीह स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर दो के रेलवे ट्रैक पर बुधवार को एक महिला अपने पुत्र के साथ आत्महत्या करने की कोशिश कर रही थी. जिसे आरपीएफ ने नाकाम कर दिया. जानकारी के अनुसार बिहार के नालंदा जिला के हिलसा थाना क्षेत्र के निवासी कंचन देवी अपने दस वर्षीय पुत्र के साथ प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी थी.
इसी दौरान विभूति एक्सप्रेस को आते देख कर आत्महत्या करने के लिये ट्रेन के सामने जा रही थी. इसी दौरान प्लेटफार्म पर गश्ती कर रहे आरपीएफ कांस्टेबल मनोज कुमार व जीआरपी पुलिसकर्मी की नजर पड़ी व दौड़कर महिला को ट्रैक से हटाया.
इसके बाद पुलिस ने महिला व बच्चे को जीआरपी थाना ले गये. इस दौरान पूछताछ किये जाने पर महिला ने पुलिस को बताया कि मैं अपने पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या करने की कोशिश कर रही थी. पुलिस ने घटना को लेकर महिला के परिजनों को जानकारी देकर थाना बुलाया है.
