देवघर : भुखमरी के कारण व उसके हालात से निबटने के लिए झारखंड सरकार के खाद्य व सार्वजनिक मामले विभाग की अोर से पहली बार एक प्रोटोकॉल कमेटी गठित की गयी है. यह कमेटी वैसे इलाके में जाकर भूखमरी या उसके लिए बन गये हालत की विस्तृत जांच करेगी अौर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देगी. यह जानकारी टीम के अध्यक्ष बलराम ने प्रभात खबर से बातचीत में कही. उन्होंने कहा कि फिलहाल कमेटी देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड स्थित रघुनाथपुर गांव में दो दिवसीय दौरे के तहत भूखमरी से रूपलाल मांझी की मौत व उसके लिए बने हालात की पड़ताल करने पहुंची है.
कमेटी हालात की पड़ताल करने के बाद पैमाना तय करेगी व रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी. इसके अंतर्गत भूखमरी वाले स्थल, परिवार, समुदाय, प्रशासन की योजनाअों का लाभ आदि सभी बिंदुअों पर गौर फरमाया जायेगा. इसके बाद सभी एक नतीजे पर पहुंचेंगे. आसपास के घरों को अब दो से तीन साल तक अॉब्जर्वेशन में रखना होगा. लगातार उस पर फॉलोअप करनी होगी. उन्होंने बताया कि सीएस को रघुनाथपुर में काफी अव्यवस्थाएं मिली. सीएस को वहां स्वास्थ्य कैंप लगाने का निर्देश दिया गया है.
