मोहनपुर के कटवन में ग्रामीणों को मिला तीन लाख का बिजली बिल
देवघर : मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत कटवन गांव के ग्रामीणों की उस समय नींद उड़ गयी है, जब गांव के 30 ग्रामीणों को बिजली विभाग ने तीन लाख रुपये का बिजली बिल भेज दिया. इसे लेकर ग्रामीण शुक्रवार को मुखिया के नेतृत्व में बिजली कार्यालय पहुंचे. जहां विभागीय पदाधिकारियों से मिल कर अपनी समस्या रखी. बिजली […]
देवघर : मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत कटवन गांव के ग्रामीणों की उस समय नींद उड़ गयी है, जब गांव के 30 ग्रामीणों को बिजली विभाग ने तीन लाख रुपये का बिजली बिल भेज दिया. इसे लेकर ग्रामीण शुक्रवार को मुखिया के नेतृत्व में बिजली कार्यालय पहुंचे. जहां विभागीय पदाधिकारियों से मिल कर अपनी समस्या रखी. बिजली विभाग के पदाधिकारी ने तत्काल ग्रामीणों को बिल की जांच करा कर निदान निकालने का आश्वासन दिया है.
फिलहाल आश्वासन पाकर ग्रामीण लौट तो गये. मगर उन्हें अब भी भरोसा नहीं हो रहा है कि उनकी समस्या का निदान होगा भी या नहीं. ग्रामीणों में कामदेव मांझी को 10,511 रुपये, रामदेव मांझी को 10,511 रुपये, नागेश्वर मांझी को 10,200 रुपये, छकु मंडल को 10,184 रुपये सहित दामोदर मांझी, चौधरी राय, शंकर तांती सहित कुल 30 लोगों के नाम लगभग 10-10 हजार रुपये का एक बार में बिल भेजा गया है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग के प्रावधान के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताअों के प्रत्येक घरों में पहले 75 रुपये का फिक्सड चार्ज होता था. जो बढ़कर 120 रुपये हो गया. ऐसे में 10-10 हजार का बिल हमारी आय से बाहर है.
कहते हैं मुखिया
पांच-छह साल पहले तक गांव में बिजली नहीं थी. पिछले साल गांव में बिजली आयी. मगर कुछ दिन पूर्व हमारे पंचायत क्षेत्र के कटवन के 30 ग्रामीणों के घर एक साल का 10-10 हजार रुपये का बिजली बिल भेज दिया. आज ग्रामीणों के साथ विभागीय पदाधिकारी से मिले. उन्होंने बिल के निदान का आश्वासन दिया है.
– हिमांशु यादव, मुखिया, कटवन पंचायत
कहते हैं इइ
मामला मेरी संज्ञान में नहीं आया है. यदि एक साथ 30 ग्रामीणों को एक ही तरह का बिजली बिल आया है. जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में फिक्सड चार्ज होता है. समस्या को देखते हुए कमेटी गठित कर उसकी जांच करायी जायेगी. यदि बिल संबंधी कोई त्रुटि रहा तो ग्रामीणों को राहत दी जायेगी.
– डीएन साहु, इई, विद्युत प्रमंडल, देवघर