देवघर : रिखिया थाना क्षेत्र के बलसरा स्थित कुरूमटांड़ गांव में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने रेलकर्मी के घर से जेवरात समेत तीन लाख की चोरी कर ली. घटना के वक्त घर में केवल एक महिला निर्मला देवी थी. निर्मला देवी ने रात करीब 12 बजे चार की संख्या में चोर छत की सीढ़ी के रास्ते घर में प्रवेश किये व 50 हजार रुपये नकद, चार भर सोने की चेन, अंगूठी समेत अन्य जेवर, 30 भर चांदी के जेवर आदि बक्सा से निकाल लिया. अकेली महिला घटना का विरोध भी नहीं कर पायी.
महिला ने बताया कि उनके दोनों पुत्र रेलवे में नौकरी करते हैं, दोनों घर पर नहीं थे. चोरों ने अकेले पाकर चोरी की घटना काे अंजाम दिया. महिला ने बताया कि घटना की सूचना रात में पुलिस को दी गयी, लेकिन पुलिस सुबह आयी. रिखिया अलग थाना होने के बाद भी बलसरा व पुनसिया इलाके में नियमित पेट्रोलिंग नहीं होने से इन दिनों चोरी की घटनाएं बढ़ गयी है.
