मधुपुर : साइबर अपराधियों ने बिहार के सीवान जिले के एसपी नवीन चंद्र झा के पिता के बैंक खाते से 49 हजार 999 रुपये उड़ा लिये. इस मामले में सीवान पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दारवे में छापेमारी कर शमसुल अंसारी नामक युवक को गिरफ्तार किया है.
खुद को प्रबंधक बता कर हासिल किया पिन : उसके पास से ठगी में प्रयुक्त सिम कार्ड व दो मोबाइल भी पुलिस ने जब्त किया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि साइबर अपराधी ने खुद को बैंक प्रबंधक बता कर एसपी के पिता से एटीएम का पिन व ओटीपी नंबर हासिल कर खाते से राशि उड़ा ली. इस राशि को अलग-अलग मोबाइल कंपनी के रिचार्ज में इस्तेमाल कर पैसा बना लिया. घटना को लेकर सीवान थाना में एक मामला दर्ज किया गया था.
सीवान एसपी के पिता…
अनुसंधान के क्रम में ठगी में प्रयुक्त सिम मधुपुर थाना क्षेत्र के दारवे का पता चला. इसी के बाद सीवान पुलिस के दो अधिकारी बुधवार शाम को मधुपुर पहुंचे. देवघर साइबर थाना के अधिकारी राजीव रंजन व मधुपुर थाना के पुलिस बल के साथ रात को छापेमारी कर सिम के साथ शमसुल को गिरफ्तार किया है. एसपी के पिता अवकाश प्राप्त सरकारी अधिकारी हैं. पुलिस आरोपित युवक को ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद सीवान ले जायेगी.
