दलदला-नतूनडीह के समीप हुआ हादसा, ग्रामीणों ने गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग िकया जाम
विधायक ने परिजन को दी तत्काल सहायता राशि
अहले सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गयी युवक की जान
नारायणपुर : गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क मार्ग पर दलदला-नतूनडीह गांव समीप सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी है. बता दें कि नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोलहरिया गांव वासी महाबीर मेहरा के 22 वर्षीय पुत्र रामदेव मेहरा दलदला गांव से शादी समारोह से अपने गांव कोलहरिया लौट रहे थे. क्रम में रविवार की अहले सुबह करीब साढ़े तीन बजे के आसपास गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क मार्ग के दलदला-नतूनडीह के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी.
सूचना पर जुटे ग्रामीण और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर मृतक की लाश को सड़क पर रख कर गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क को जाम कर दिया. जानकारी होने पर नारायणपुर बीडीओ जहीर आलम एवं थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर लोगों को समझा बुझा कर किसी तरह जाम हटवाया.
क्रम में विधायक डॉ इरफान अंसारी भी घटना स्थल पहुंच कर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी और 14 हजार रुपये नकद सहायता दी. क्रम में बीडीओ ने मृतक के परिवारवालों को पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार रुपये के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास एवं मृतक के माता-पिता को वृद्धा पेंशन देने का आश्वासन दिया. वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
