देवघर : सांस्कृतिक राजधानी देवघर के जसीडीह स्थित कुमैठा स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में मोमेंटम झारखंड का फोेर्थ ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन शुक्रवार को किया जायेगा. इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है. गुरुवार को कार्यक्रम की तैयारी का उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने जायजा लिया. उन्होंने हेलिपेड से लेकर पूरे स्टेडियम में चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर पदाधिकारियों को कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये.
समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में छह सौ से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है, जाे चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे. डीसी ने बताया कि मोमेंटम झारखंड के तहत विभिन्न कंपनियों के साथ एमओयू किये जायेंगे. चतुर्थ चरण में देवघर को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को आयोजित करने का अवसर मिला है. कार्यक्रम में सीएम के साथ-साथ लगभग दो हजार डेलिगेट शिरकत करेंगे. इस अवसर पर एसपी नरेंद्र कुमार सिंह, डीपीआरअो रवि कुमार, जीएम डीआइसी दिलीप शर्मा सहित कई अन्य पदाधिकारी शामिल थे.
सूचना विभाग उपनिदेशक टीम के साथ लिया जायजा
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में राज्यभर से मीडियाकर्मी जसीडीह के कुमैठा स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स स्थित सेरेमनी स्थल पहुंचेंगे. सेरेमनी स्थल पर किस तरह के होर्डिंग-बैनर लगेंगे. क्या कुछ अलग होगा, इसके अलावा मीडिया कर्मियों को सहज तरीके से कैसे समाचार मुहैया हो सके. इन सारी बातों को ध्यान में रखते हुए सूचना जनसंपर्क विभाग की प्रमंडलीय उपनिदेशक, डीपीआरअो रवि कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी आयोजन स्थल पर देर शाम तक मौजूद रहे.
हेलीपैड का किया गया है निर्माण
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल होने के लिए पहुंच रहे सीएम के हेलीकॉप्टर को उतरने के लिए स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के समीप जिला प्रशासन की अोर से हेलीपेड का निर्माण किया गया है. ताकि सीएम के उतरने के बाद कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में ज्यादा वक्त नहीं लगे अौर कार्यक्रम में निवेशकों व उद्यमियों के साथ ज्यादा वक्त गुजार सके. इसके लिए उद्योग विभाग की अोर से विशेष तौर पर तैयारी चल रही है.
