देवघर : मोमेंटम झारखंड के तहत देवघर के कुमैठा स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में शुक्रवार को फोर्थ ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया है. इसमें सैकड़ों की संख्या में निवेशक भी कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पहुंच रहे हैं. स्थानीय उद्यमी व व्यवसायियों ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सह सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिल कर अपनी समस्याअों को रखने की मांग की थी.मगर प्रशासन के द्वारा यह अवसर नहीं दिये जाने की बात से देवघर के उद्यमियों में खासी नाराजगी दिख रही है. इसे लेकर चेंबर अॉफ काॅमर्स की अोर से मुख्यमंत्री को 13 व 23 अप्रैल को पत्र प्रेषित कर समस्याअों से अवगत कराते हुए मिलने के लिए समय मांगा था.
इस बीच तीन दिनों बाद गुरुवार को उद्योग निदेशक के रविकुमार ने चेंबर के पदाधिकारियों से टेलीफोन पर वार्ता कर आश्वासन दिया कि प्रशासन की अोर से 27 अप्रैल को कुमैठा में आयोजित कार्यक्रम के उपरांत कुछ समय के लिए चेंबर के पदाधिकारियों व उद्यमियों के साथ सीएम की मुलाकात व बैठक की व्यवस्था करायेंगे. इस आश्वासन के बाद स्थानीय चेंबर व उद्यमी मान गये. तय हुआ कि चेंबर व उद्यमियों की अोर से एक प्रतिनिधिमंडल सीएम से मिलेगा. इसमें जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया से जुड़ी समस्या पानी, बिजली आपूर्ति, सड़क व उद्योग स्थापित करने के लिए जरूरी जमीन अधिग्रहण की समस्या आदि से सीएम को अवगत करा सकेंगे.
चेंबर व उद्यमियों के प्रतिनिधिमंडल में संप चेंबर के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल, महासचिव आलोक मल्लिक, संजीत कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार सिंह, फेडरेशन अॉफ चेंबर के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप बाजला, सचिव विजय कौशिक, कोषाध्यक्ष पंकज मोदी सहित उद्यमी मनोज भालोटिया, मुकेश कुमार, राजीव टेकरीवाल, दीपक जैन, विकास कुमार, धनंजय कुमार, आलोक आदि शामिल रहेंगे.
