देवघर : सदर अस्पताल परिसर स्थित राजकुमारी कुष्ठाश्रम कार्यालय में ओपी खोलने के लिए सामान लेकर नगर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. इसी बीच राजकुमारी कुष्ठाश्रम अस्पताल कार्यालय की लिपिक दोपहर करीब दो बजे ऑफिस में ताला बंद कर निकल गयी.
नगर थाने से पहुंचे एसआइ सिराजुद्दीन खान, एएसआइ एसके वाजपेयी व अन्य पुलिसकर्मी कार्यालय की सीढ़ी पर बैठकर घंटों इंतजार करते रहे. टेबुल कुर्सी, बोर्ड आदि लदी गाड़ी भी काफी देर तक खड़ी रही. करीब साढ़े तीन बजे तक जब लिपिक वापस लौटकर नहीं आयी तो वे लोग सामान लेकर वापस लौट गये. एसआइ सिराजुद्दीन खान ने बताया कि बैद्यनाथधाम ओपी का उद्घाटन सिविल सर्जन व डीएलओ को करना था.
दोनों ने नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार के साथ कुष्ठाश्रम अस्पताल कार्यालय का मुआयना कर ओपी की जगह देने का भरोसा दिया था. डीएलओ डॉ रंजन सिन्हा ओपी उद्घाटन कराने पहुंचे भी थे, किंतु ताला बंद देख कर वे भी वापस लौट गये. इधर, राजकुमारी कुष्ठाश्रम कार्यालय की लिपिक अंजनि सिन्हा ने पूछने पर बताया कि उन्हें ओपी खुलने संबंधी कोई आदेश विभागीय अधिकारी से नहीं मिला है.
