देवघर : सारवां थाना क्षेत्र के सिरसा निवासी रितेश हत्याकांड में संदेही युवक को खोजने मधुपुर थाने की पुलिस देवघर पहुंची. यहां नगर थाने के सहयोग से मामले में संदिग्ध बिलासी टाउन देवी हरिदासी लेन निवासी सागर उर्फ शशि मिश्रा की खोजबीन की गयी. लेकिन वह घर से फरार मिला. इस संबंध में मधुपुर थाने के एसआइ परशुराम सिंह ने नगर थाने में एक लिखित सूचना भी दी है.
जिक्र है कि रितेश हत्याकांड के अनुसंधान के दौरान मधुपुर पुलिस ने सागर उर्फ शशि की भूमिका संदेहास्पद पायी है. एक काली रंग की बोलेरो गाड़ी (जेएच 01 एम 8687) सारठ थाना क्षेत्र के सिरसा निवासी दिवाकर ओझा के घर के समीप से मधुपुर पुलिस ने बरामद की थी.
सागर उर्फ शशि दिवाकर का दोस्त है. दिवाकर ने पुलिस को बताया था कि गाड़ी लगाकर सागर कोलकाता चला गया है. सागर से मधुपुर पुलिस ने मोबाइल पर संपर्क किया तो उसने बताया कि बोलेरो गाड़ी उसकी ही है, कागजात लेकर वह आयेगा. किंतु अब तक उसने कागजात नहीं प्रस्तुत किया और अपना पक्ष रखने के लिये भी सागर पुलिस के पास नहीं पहुंचा.
ऐसे में उसकी भूमिका संदिग्ध पाकर मधुपुर थाना के एसआइ परशुराम नाम-पता का सत्यापन करने व सागर को गिरफ्तार करने देवघर पहुंचे.
