रांची: रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को निर्माणाधीन मकान में खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. पैंटालून लालपुर के सामने चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गयी. इसकी चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गयी.
हादसे की जानकारी मिलते ही लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. मलबे में मजदूर के दबे होने की सूचना के बाद पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया. बाद में मजदूर को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी.
खुदाई के दौरान अचानक गिरी दीवार
बताया गया कि पैंटालून लालपुर के सामने एक निर्माणाधीन मकान में खुदाई का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक निर्माण स्थल की दीवार ढह गयी. दीवार गिरते ही वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गया.
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास मौजूद लोग भी मौके पर जुट गये. पुलिस की मौजूदगी में मलबा हटाने का काम किया गया.
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा मानकों की भी होगी जांच
लालपुर थाना की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस मृतक मजदूर की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटा रही है.
निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है. हादसे में किसी अन्य मजदूर के घायल होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आयी है.
