चतरा. शुक्रवार को चतरा के सदर थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना हुई. बरैनी पंचायत के घूरनाडीह गांव के पास तड़गू नदी चटनिया में पिकनिक मनाने गए तीन बच्चों की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान धंगरटोली मुहल्ला निवासी मुकेश सोनी के पुत्र प्रिंस कुमार (15), चौर मोहल्ला निवासी परमेश्वर राम के पुत्र अंश प्रकाश (10) व संजय राम के पुत्र सत्यम कुमार (15) के रूप में हुई है.
दो मासूमों के शव 11 बजे मिले, तीसरे को 5 घंटे बाद निकाला
अंश व प्रिंस का शव सुबह करीब 11 बजे नदी से बरामद कर लिया गया, जबकि सत्यम के शव की तलाश में स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया. करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद शाम चार बजे उसका शव भी नदी से बरामद कर लिया गया.
सुबह पांच बजे घर से निकले थे तीनों बच्चे
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार अहले सुबह करीब पांच बजे अंश प्रकाश और सत्यम कुमार अलग-अलग साइकिल से प्रिंस के घर पहुंचे थे. इसके बाद तीनों बच्चे एक साथ साइकिल से तड़गू नदी चटनिया की ओर पिकनिक मनाने निकल गये. नदी पहुंचने के बाद, तीनों ने पिकनिक के लिए खाने-पीने का सामान निकाला और खेल-कूद की योजना बनाई. इसके बाद नहाने के लिए नदी में उतर गये. इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीनों डूब गये.
ग्रामीणों ने शुरू की तलाश, पुलिस भी पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी. सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से पहले प्रिंस और अंश के शव को नदी से बाहर निकाला गया. वहीं सत्यम की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया. घंटों की मशक्कत के बाद उसका शव भी नदी से बरामद कर लिया गया.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गये. घटना की सूचना मिलते ही तीनों बच्चों के घरों में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मां की चीखें और पिता का बेसुध होना मंजर को और भी दुखद बना रहा है.
पुलिस को घटनास्थल के पास से दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग समेत अन्य सामान मिले हैं. पुलिस ने सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
दो बच्चों से पूछताछ
घटना के बाद सदर थाना पुलिस ने दो अन्य बच्चों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि बच्चे नदी तक कैसे पहुंचे, क्या सुरक्षा के इंतजाम थे, और क्या यह उनका पहली बार नदी जाना था. वे यह भी पता लगा रहे हैं कि कुल कितने बच्चे वहाँ थे. बच्चों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है.
सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
