चतरा. जिले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर संगठन सृजन अभियान के तहत 10 सितंबर से जिला मुख्यालय व विभिन्न प्रखंडों में कार्यक्रम आयोजित की जा रही है. रायशुमारी के दौरान पार्टी से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा कि गयी. उक्त बातें पर्यवेक्षक टीम में शामिल महाराष्ट्र के रामटेक सांसद श्याम कुमार दौलत बर्वे ने परिसदन भवन में शनिवार को प्रेसवार्ता में कही. उन्होंने कहा कि जिले में कांग्रेस का काफी स्कोप है. 40 साल से पार्टी के सांसद व विधायक नहीं रहने के बावजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह है. यह संगठन के लिए अच्छा संकेत है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व लोकसभा प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में संगठन सृजन अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है. जिलाध्यक्ष के लिए 16 लोगों ने दावेदारी पेश की है. चार दिनों में नेता व कार्यकर्ताओं से मिले सुझाव को व अपने अनुभव का रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी जायेगी. एक माह के अंदर जिलाध्यक्ष का नाम की घोषणा होगी. उन्होंने कहा कि संगठन के लिए समर्पित, पार्टी को आगे ले जाने व कार्यकर्ता को साथ लेकर चलने वाले को ही जिलाध्यक्ष में प्राथमिकता दी जायेगी. मौके पर पर्यवेक्षक टीम में झरिया के पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, कांग्रेस आदिवासी सेल के प्रदेश अध्यक्ष जोसाई मार्डी, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष भीम कुमार उपस्थित थे. जिलाध्यक्ष के दौड़ में ये हैं शामिल: कांग्रेस जिलाध्यक्ष की दौड़ में वर्तमान जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार दुबे के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष इमदाद हुसैन, जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पाठक, गोविंद सिंह, आभा ओझा, राजवीर, संतोष केशरी, जिप सदस्य चंद्रदेव गोप, निशांत जायसवाल, बालेश्वर यादव समेत अन्य शामिल हैं. अंतिम दिन शनिवार को परिसदन सदन भवन में रायशुमारी की गयी. इस दौरान गहमा गहमी रही. सभी ने पर्यवेक्षक टीम के समक्ष दावेदारों का समर्थन देते हुए अपनी राय दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
