पत्थलगड्डा. प्रखंड के नावाडीह डमौल पंचायत का मरंगा गांव 15 दिनों से अंधेरे में डूबा है. मरंगा स्कूल के पास लगे ट्रांसफार्मर के जल जाने के कारण गांव में बिजली आपूर्ति ठप है. ट्रांसफार्मर जलने की सूचना विभाग के पदाधिकारी को दी गयी, लेकिन अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है. बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से इस भीषण गर्मी में ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने बताया कि 15 दिन पूर्व बारिश के बीच वज्रपात की घटना हुई थी, जिससे ट्रांसफार्मर जल गया. ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर बदलकर गांव में बिजली बहाल करने की मांग की है.
गैस लेने के लिए मची होड़
सिमरिया. प्रखंड मुख्यालय स्थित बिंदेश्वरी एचपी गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी कार्यालय में रविवार को गैस लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी. गैस की इंट्री कराने और ओटीपी देने के लिए सुबह ही उपभोक्ता एजेंसी के कार्यालय पहुंच गये थे. लोग कतारबद्ध खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे. कड़ी धूप में दिन भर गैस लेने के लिए लोगों में होड़ मची रही. भीड़ के करण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी.
