इटखोरी. चतरा जिले के इटखोरी प्रखंड अंतर्गत करनी गांव (मां भद्रकाली की पावन भूमि) निवासी युवा वैज्ञानिक डॉ. अमल किशोर का चयन यूरोप के प्रतिष्ठित देश बेल्जियम के एक प्रमुख शोध संस्थान में पोस्ट-डॉक्टरल शोध (Postdoctoral Research) के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इससे पूर्व डॉ. अमल किशोर भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु से पोस्ट-डॉक्टरेट कर चुके हैं। IISc बेंगलुरु में शोधरत रहने के दौरान उनका चयन इज़राइल के एक प्रतिष्ठित संस्थान में पोस्ट-डॉक्टरल शोध के लिए भी हुआ था। हालांकि, युद्ध की विषम परिस्थितियों के कारण वे वहां योगदान नहीं दे सके। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप भी प्राप्त की हैं। अब उन्हें बेल्जियम के प्रतिष्ठित संस्थान में शोध का अवसर मिला है, जो उनके वैज्ञानिक करियर की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके शोध-पत्रों (Research Papers) को भारत सरकार द्वारा भी सराहा गया है तथा उपयोगी माना गया है। डॉ. अमल किशोर की बहन अर्पणा कुमारी भी रांची विश्वविद्यालय में शोध छात्रा (Ph.D. Scholar) के रूप में अध्ययनरत हैं। डॉ. अमल किशोर ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय पूरे परिवार एवं अपने गुरुजनों को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से अपनी माता श्रीमती सरिता देवी (सेविका) एवं पिता श्री नवल किशोर नवल के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. किशोर ने युवा छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि वे अपनी पढ़ाई के प्रति पूरी तरह निष्ठावान रहें, निरंतर मेहनत करें तथा जीवन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर उसे व्यवहार में अपनाएं।
इटखोरी के युवा वैज्ञानिक डॉ. अमल किशोर का बेल्जियम के प्रतिष्ठित शोध संस्थान में चयन

इटखोरी के युवा वैज्ञानिक डॉ. अमल किशोर का बेल्जियम के प्रतिष्ठित शोध संस्थान में चयन
Copied link
चतरा के युवा वैज्ञानिक डॉ. अमल किशोर का बेल्जियम में पोस्ट-डॉक्टरल शोध के लिए चयन हुआ है. उनकी इस बड़ी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.