सड़क पर हाइवा खड़ा रहने से दुर्घटना की आशंका

चतरा में सड़क किनारे खड़े हाइवा और छाई के कारण कीचड़ से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीण प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग कर रहे हैं।

चतरा. पुलिस लाइन-जीतनी सड़क पर डहुरी स्थित चंगेर बहेरवा टांड़ के पास सड़क किनारे प्रतिदिन छाई लदे कई हाइवा खड़े रहने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. इससे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हल्की बारिश के बाद सड़क पर गिरी छाई कीचड़ में बदल गयी है, जिससे फिसलन बढ़ गयी है. इस स्थल पर चतरा बाइपास सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है.

निर्माण के लिए कोडरमा से हाइवा के माध्यम से छाई लायी जा रही है. सड़क पर खड़े वाहनों से लगातार छाई और पानी गिरने के कारण मार्ग फिसलन भरा हो गया है. इससे बाइक और साइकिल सवारों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है.

इस मार्ग से पत्थलगड्डा, बरवाडीह, सिंघानी, तेतरिया, लेबोइया, बेलहर, नावाडीह, बाजोबार, चौथा, मरंगा तथा सदर प्रखंड के गोडरा, डहुरी, टीकर और चंगेर समेत कई गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं. टीकर, चंगेर और डहुरी के बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी इसी मार्ग से साइकिल से चतरा पढ़ने आते-जाते हैं.

मुखिया रघुनंदन पासवान ने बताया कि उन्होंने कई बार संवेदक के मुंशी से सड़क पर गिरी छाई हटाने का आग्रह किया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dinbandhu thakur

Published by: Kumarvishwat Sen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >