1.319 किलो अफीम के साथ पंजाब के दो तस्कर सहित चार गिरफ्तार

पुलिस ने गुप्त सूचना पर चलाया छापामारी अभियान

पुलिस ने गुप्त सूचना पर चलाया छापामारी अभियान चतरा. सदर पुलिस ने जितनी मोड़ के पास से साढ़े छह लाख की अफीम के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 1.319 किलोग्राम अफीम के अलावा स्विफ्ट कार (पीबी 08 एफटी-1403), चार मोबाइल फोन व पांच हजार नकद बरामद किया गया. गिरफ्तार तस्करों में हरेंद्र सिंह (पिता सुखवेंद्र सिंह, पंजाब के जालंधर जिला के मेहतपुर थाना क्षेत्र निवासी), दविंद्रपाल सिंह (पिता कुलवीर सिंह, जालंधर जिला के शाहकोट थाना क्षेत्र के मुलेवान अरायन निवासी) के अलावा चतरा सदर थाना क्षेत्र के टीकर गांव निवासी संतोष कुमार दांगी (पिता स्व लोकनाथ दांगी) व राजपुर थाना क्षेत्र के खीरगडा गांव निवासी रूपेश कुमार यादव (पिता कुलेश्वर यादव) शामिल हैं. यह जानकारी एसडीपीओ संदीप सुमन ने मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस काॅन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि पंजाब से रजिस्टर्ड एक स्विफ्ट कार क्षेत्र में भ्रमण कर रही है, जिसमें सवार लोग अफीम की खरीदारी कर टीकर रोड से गुजरने वाले हैं. सूचना के आलोक में छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जितनी मोड़ स्थित टीकर रोड में वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान कार को रोका गया. तलाशी के दौरान अफीम बरामद हुआ. साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया. छापामारी टीम में एसडीपीओ के अलावा सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक शमी अंसारी, मनीष कुमार, कासिम अंसारी व कई जवान शामिल थे. अफीम सप्लायर फरार पंजाब के गिरफ्तार तस्करों ने पुलिस को बताया कि वे चतरा के दो तस्करों के सहयोग से अफीम की खरीदारी लावालौंग थाना क्षेत्र से की थी. अफीम सप्लाई करने वाले तीन लोग फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है. बता दें कि लंबे समय के बाद अंतरराज्यीय तस्कर पुलिस की गिरफ्त में आये हैं. सात जून 2021 को सदर पुलिस ने 1.540 किलो अफीम के साथ पंजाब के जालंधर जिले के तीन तस्कर सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया था. साथ ही एक स्विफ्ट कार को जब्त किया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By DEEPESH KUMAR

DEEPESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >