लावालौंग. लमटा-बगरा पथ स्थित बक्सी के पास गुरुवार को एक युवक खून से लथपथ मिला. उसके साथ एक युवती भी थी, जो चतरा के नगवां मुहल्ला की रहनेवाली है. युवक के चिल्लाने पर बक्सी गांव के लोग वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. वहीं युवती को भी पकड़ कर रखा. सूचना पाते ही पुलिस अवर निरीक्षक वाजिद अली दल-बल के साथ वहां पहुंचे और घायल युवक को सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हजारीबाग रेफर कर दिया गया. युवती को लावालौंग थाना ले जाया गया. घायल युवक की पहचान लातेहार के मो मंतसीर अंसारी (पिता-जहीर मियां) के रूप में की गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती ने ही युवक पर हमला किया था. युवती भागने का प्रयास कर रही थी, लेकिन युवक ने उसे पकड़ कर रखा था. मामला प्रेम-प्रसंग का बताया जाता है. युवती ने बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति युवक पर कई बार चाकू से गोद कर फरार हो गया. पुलिस ने चाकू बरामद कर लिया है. युवक की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
