Chaibasa News : बाजार से लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत

कुमारडुंगी. सुबह झाड़ियों में मिला शव, बाइक बरामद

चाईबासा.

कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के साकासोको घाटी के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान बड़ा जामबनी गांव निवासी युवराज सिंकु (17) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

शव के पास मिली बाइक, रात में हादसे की आशंका

ग्रामीणों ने बताया कि युवक का शव झाड़ी के पास पड़ा था और कुछ दूरी पर उसकी बाइक भी गिरी हुई थी. अनुमान है कि देर रात किसी समय उसका एक्सिडेंट हुआ होगा और अंधेरा होने के कारण किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी.

गुरुवार से था लापता

मृतक के पिता सोमनाथ सिंकु ने बताया कि युवराज गुरुवार को अपने एक मित्र के साथ साप्ताहिक बाजार गया था, जहां वह पैंट-शर्ट खरीदने निकला था. देर रात तक घर न लौटने पर उन्हें लगा कि बेटा शायद अपने दोस्त के घर रुक गया होगा, इसलिए रात में खोजबीन नहीं की गयी. शुक्रवार को परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. शनिवार सुबह एक रिश्तेदार ने फोन कर बताया कि साकासोको घाटी के पास एक युवक का शव पड़ा है. मौके पर पहुंचते ही शव को युवराज के रूप में पहचान की गयी.परिजनों ने बताया कि युवराज करीब डेढ़ सप्ताह पहले ही गुजरात से मजदूरी कर घर लौटा था और परिवार के साथ कुछ समय बिताने की इच्छा से गांव आया था. पुलिस ने कहा कि यह एक सड़क दुर्घटना प्रतीत होती है. घटनास्थल की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >