चाईबासा. राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में लातेहार में खेले जा रहे अंतर जिला अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत सोमवार को खेले गए ग्रुप-बी के मैच में पश्चिमी सिंहभूम ने सिमडेगा को छह रनों से पराजित कर जीत की हैट्रिक लगायी. आज की जीत के साथ ही पश्चिमी सिंहभूम की टीम अपने सभी तीनों मैच जीतकर बारह अंकों के साथ ग्रुप में पहले स्थान पर है. इसके क्वार्टर फाइनल में खेलने की संभावना बढ़ गयी है. लातेहार में खेले गये सोमवार के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पश्चिमी सिंहभूम की टीम 46.4 ओवर में 165 रन बनाकर ऑलआउट हो गयी. पश्चिमी सिंहभूम की ओर से शुभम सिंह ने 47, अनिश दास ने 39 तथा ललित सिंह ने 32 रन बनाये. सिमडेगा की ओर से तेज गेंदबाज संजीत शर्मा ने 38 रन देकर चार विकेट, अविनाश पांडेय ने 36 रन देकर तीन विकेट तथा तनिष चौबे ने 17 रन देकर दो विकेट हासिल किये. लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिमडेगा की टीम 38 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गयी. सिमडेगा की ओर से एकमात्र सफल बल्लेबाज हिमांशु द्विवेदी ने 70 रनों की बेहतरीन पारी खेली. पश्चिमी सिंहभूम की ओर से वामहस्त स्पिनर तन्मय तंतुबाई ने 24 रन देकर चार विकेट हासिल किए तथा मैन ऑफ द मैच का हकदार बना. आशीष सिंह ने तीन तथा कप्तान अजित सिंह ने दो विकेट लिये. मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के तन्मय तंतुबाई को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
