नोवामुंडी. टाटा स्टील स्टेडियम में रविवार देर रात फ्लड लाइट की जगमगाहट के बीच तीन दिवसीय कोल्हान कप फुटबॉल टूर्नामेंट का रोमांचक समापन हुआ. फाइनल मुकाबले में स्पोर्टिंग क्लब गुना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फील्ड मास्टर चौथिया को 4-2 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया. फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि टाटा स्टील आयरन माइंस के चीफ डी विजेंद्र ने फुटबॉल को किक मारकर किया. इस मौके पर सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी, पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा, निरंजन मिश्रा, मानकी निरंजन बोबोंगा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे.
विजेता टीम को मिला 1,31,000 रुपये
विजेता टीम स्पोर्टिंग क्लब गुना को 1,31,000 रुपये, ट्रॉफी एवं जर्सी सेट देकर पुरस्कृत किया गया. उपविजेता फील्ड मास्टर चौथिया को 81,000 रुपये, ट्रॉफी एवं जर्सी सेट मिला. तीसरे स्थान और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 35,000 रुपये और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया. बेस्ट गोलकीपर गोविंद माझी,बेस्ट डिफेंडर सकला मार्डी और मैन ऑफ द सीरीज का खिताब कृष्ण हेम्ब्रम को मिला. कार्यक्रम के दौरान कमेंटेटर टीकायत नायक और लिटले सिंकु को उत्कृष्ट मंच संचालन के लिए सम्मानित किया गया. इस मौके पर काफी संख्या में कमेटी के सदस्य मौजूद थे.
