दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में छह घायल, तीन की हालत गंभीर

बंदगांव-कराईकेला थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.

बंदगांव : कराईकेला थाना क्षेत्र के डोंमगोडा के समीप शुक्रवार को दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में छह लोग घायल हो गए. हादसे में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए चाईबासा रेफर कर दिया गया है. वहीं, अन्य घायलों का इलाज अनुमंडल अस्पताल, चक्रधरपुर में जारी है.

डोंमगोडा के समीप हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार कराइकेला थाना क्षेत्र के हुडंगदा स्थित रांची साईं निवासी सेलाई बोदरा अपनी बाइक से चक्रधरपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार शेखर सिंह बानरा अपनी पत्नी बिरेंग बानरा, बच्ची सुलोचना बानरा एवं अन्य लोगों के साथ चक्रधरपुर से गोपालपुर गांव की ओर जा रहे थे. डोंमगोडा के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. बाइक के कई हिस्से टूटकर चकनाचूर हो गए. दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार कुल छह लोग घायल हो गए. घायलों में खरसावां थाना क्षेत्र के तेलाईडीह निवासी कन्हाई प्रधान एवं यशवंत प्रधान भी शामिल हैं.

सूचना पर पहुंचे कराइकेला थाना प्रभारी

घटना की सूचना पर कराइकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस एवं स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल, चक्रधरपुर पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया.डॉक्टरों ने कन्हाई प्रधान, यशवंत प्रधान और शेखर सिंह बानरा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए चाईबासा रेफर कर दिया. वहीं, अन्य घायलों का इलाज चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में जारी है. इस घटना में स्थानीय मुखिया कूश पूर्ति ने भी तत्परता दिखाते हुए घायलों के इलाज के लिए पुलिस, ग्रामीणों एवं परिजनों को सूचना देने में सहयोग किया.

मामले की जांच कर रही पुलिस

घटना के बाद से घायलों के परिजनों में चिंता का माहौल है. कराइकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने बताया - दुर्घटना काफी जोरदार थी. पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर पहुंचाया. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anil tiwary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >