संवाददाता, चक्रधरपुर
चक्रधरपुर के आसनतलिया स्थित मधुसूदन पब्लिक स्कूल में शनिवार को सत्र 2026-27 के लिए छात्र नेतृत्व परिषद (स्टूडेंट काउंसिल) का अलंकरण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के चेयरमैन सह डायरेक्टर बीके हिंदवार ने किया. उन्होंने नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को नेतृत्व, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया.
समारोह में विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों के संचालन के लिए छात्र नेतृत्व परिषद के पदाधिकारियों की घोषणा की गई. आदित्य प्रकाश को स्कूल हेड बॉय, मान्या को स्कूल हेड गर्ल, आयुष कुमार को स्कूल वाइस हेड बॉय तथा दर्शना कुमारी को स्कूल वाइस हेड गर्ल चुना गया. मुख्य अतिथि श्री हिंदवार ने सभी को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
विद्यालय के चारों हाउस—अल्फा, ब्रेवो, चेतक और डेल्टा—के लिए कैप्टन एवं वाइस कैप्टन का चयन किया गया. वहीं रोशन देवगम को स्पोर्ट्स कैप्टन, संजीव महतो को वाइस स्पोर्ट्स कैप्टन, अंशिका गोप को कल्चरल कैप्टन तथा मून मिश्रा को वाइस कल्चरल कैप्टन बनाया गया.
विद्यालय के प्राचार्य के नागराजू ने कहा कि छात्र नेतृत्व परिषद विद्यालय में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है. उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेंगे.
उप-प्राचार्या आरती कोड़वार, परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार चक्रवर्ती एवं सीसीए संयोजक केएल नारायण ने विभिन्न हाउस कैप्टन एवं वाइस कैप्टन के नामों की घोषणा की. इसके बाद विद्यालय के चेयरमैन, प्राचार्य, उप-प्राचार्या, परीक्षा नियंत्रक, सीसीए संयोजक, हाउस मास्टर्स एवं हाउस मिस्ट्रेसेज़ ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया.
कार्यक्रम के अंत में परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार चक्रवर्ती ने मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया. पूरे समारोह के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और नेतृत्व की भावना देखने को मिली तथा कार्यक्रम अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ.
