Chaibasa News : चक्रधरपुर की नाबालिग को यूपी में 25 हजार में बेचा, ढाई माह बंधक बनाकर शोषण, सिगरेट से दागा

चक्रधरपुर पुलिस ने यूपी में छापेमारी कर बच्ची को बरामद किया, दो आरोपी गिरफ्तार

चक्रधरपुर पुलिस ने यूपी में छापेमारी कर बच्ची को बरामद किया, दो आरोपी गिरफ्तार

– बच्ची को सुनहरे सपने दिखाकर ट्रेन से सीतापुर ले गया था दलाल

– बच्ची के शरीर पर जलाये जाने के निशान मिले, मां ने कड़ी सजा की मांग की

– बच्ची के बयान सुनकर पुलिस पदाधिकारियों के होश उड़ गये

प्रतिनिधि, चक्रधरपुर

चक्रधरपुर निवासी 16 वर्षीय नाबालिग बच्ची को सुनहरे सपने दिखाकर उत्तर प्रदेश में 25 हजार रुपये में बेचने व ढाई माह तक बच्ची को एक कमरे में बंद रख सिगरेट से शरीर के विभिन्न हिस्सों को जलाने और शारीरिक शोषण किया गया. इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश से बच्ची को बरामद कर दोनों आरोपियों (दलाल व खरीदने वाला) संदीप कुमार और किशोरी लाल कुइरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

बड़ी बहन से झगड़ा के बाद स्टेशन पर बैठी थी बच्ची, दलाल ने फायदा उठाया

ज्ञात हो कि 20 जनवरी, 2026 को पीड़िता अपनी बड़ी बहन के साथ स्कूल जा रही थी. किसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया. नाराज होकर बच्ची बीच रास्ते से भाग कर चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गयी. वहां दलाल ने बच्ची की लाचारी का फायदा उठाया. उसे बेहतर नौकरी व अच्छे जीवन का झांसा देकर अपने साथ ट्रेन से उत्तर प्रदेश ले गया.

आरोपी ने जमीन गिरवी रखकर मासूम को खरीदा

दलाल ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले स्थित इनायतपुर पहुंचकर किशोरी लाल कुइरी नामक व्यक्ति से संपर्क किया. किशोरी लाल ने अपने पड़ोसी संदीप कुमार को लड़की खरीदने का प्रस्ताव दिया. संदीप कुमार ने अपनी ढाई डिसमिल जमीन गिरवी रखी और दलाल को 25 हजार रुपये देकर बच्ची का सौदा कर लिया.

एक कमरे में बंद रख शारीरिक शोषण करता था

बच्ची को बरामद करने के बाद सच्चाई जानकर पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गये. पीड़िता ने बयान दिया कि आरोपी संदीप उसे एक कमरे में बंद रखता था. उसका शारीरिक शोषण करता था. विरोध करने पर बेरहमी से पीटता था. बच्ची के शरीर के कई हिस्सों पर सिगरेट आदि से जला दिया, जिसके गहरे दाग मिले हैं.

बेटी की लंबी तलाश के बाद मां ने 2 अप्रैल को दर्ज कराया मामला

बच्ची की मां तमिलनाडु में मजदूरी करती है. घटना के बाद वह अपनी बेटी की तलाश में जुटी रही. अंतत: 2 अप्रैल, 2026 को चक्रधरपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार विनोद और थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.

तकीनीकी जांच में पुलिस को मिली सफलता

तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रेस करने के बाद पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश पहुंची. इनायतपुर में छापेमारी कर बच्ची को आजाद कराया. पुलिस ने मौके से संदीप कुमार और मध्यस्थ किशोरी लाल कुइरी को गिरफ्तार कर लिया.

…कोट…

एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर यूपी में छापेमारी कर बच्ची को बरामद किया है. कांड संख्या 38/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

– अवधेश कुमार, थाना प्रभारी, चक्रधरपुर

——————–

मेरी बेटी को नरक में धकेल दिया : मां

मेरी बेटी मैट्रिक की परीक्षा भी नहीं दे सकी और दलालों ने उसे नरक में धकेल दिया. उसे कमरे में बंद कर जानवरों की तरह पीटा गया और जलाया गया. आरोपियों को ऐसी सजा मिले जो मिसाल बने.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANUJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >