Bokaro News : ललपनिया. टीटीपीएस की रेलवे लाइन की सुरक्षा में लगे 48 सुरक्षाकर्मी गुरुवार से अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर अनशन पर हैं. सुरक्षाकर्मियों की प्रमुख मांगों में पहचान पत्र उपलब्ध कराना, बीमा सुविधा देना, वेतन पर्ची जारी करना, आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना तथा पेयजल, शौचालय और चेंजिंग रूम जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना शामिल है. इधर, दूसरे दिन शुक्रवार को भी अनशन जारी रहा. शुक्रवार को सुरक्षाकर्मियों और प्रबंधन के बीच प्रशासकीय भवन में वार्ता हुई. वार्ता के दौरान सुरक्षाकर्मी अपनी मांगों पर कायम रहे. वहीं, प्रबंधन की ओर से मांगों पर गंभीरतापूर्वक उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया. हालांकि, मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रखने की बात पर सुरक्षाकर्मी अड़े रहे. इस प्रकार वार्ता में कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी. सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से रेलवे लाइन की सुरक्षा का कार्य कर रहे हैं और अपनी मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं. मांगें पूरी होने तक उनका अनशन जारी रहेगा. वार्ता में प्रबंधन की ओर से डीजीएम एचआर अशोक प्रसाद, इइ(असैनिक विभाग) नेहालुद्दीन अंसारी आदि थे. जबकि, सुरक्षाकर्मियों में नरेश साव, जानकी महतो, विनोद मुर्मू, सुनील, बासुदेव, विजय, सावन, राजेश, जितेंद्र, रोहित, बैजनाथ आदि थे.
Bokaro News : टीटीपीएस रेलवे लाइन के सुरक्षाकर्मी अनशन पर, वार्ता बेनतीजा
Bokaro News : पांच सूत्री मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
