Bokaro News : मुआवजा विवाद में फंसा कोल रैक का परिचालन

Bokaro News : बोकारो थर्मल में डीवीसी के रेलवे ट्रैक पर छठे दिन भी फंसी रही स्कार्पियो

Bokaro News : प्रतिनिधि,बोकारो थर्मल. बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी पावर प्लांट की रेलवे ट्रैक पर रविवार को कोयला रैक की चपेट में आयी स्कार्पियो शुक्रवार को छठे दिन भी घटनास्थल पर ही पड़ी रही. रेलवे प्रशासन और डीवीसी प्रबंधन की तमाम कोशिशों के बावजूद इसे ट्रैक से हटाया नहीं जा सका है. शुक्रवार को कांग्रेस नेता प्रमोद सिंह ने डीवीसी के जीएम एचआर एए कुजूर से मामले को लेकर बात की तो उन्होंने कहा कि मामले एवं मुआवजा की मांग को लेकर धनबाद डीआरएम को पत्र लिखा गया है. इसके पूर्व गुरुवार को क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन के साथ डीवीसी के अधिकारी, इंजीनियर,आरपीएफ बरकाकाना के इंस्पेक्टर और गोमिया आरपीएफ के थाना प्रभारी दल–बल के साथ पहुंचे थे, लेकिन करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी सफलता नहीं मिली और पूरी टीम को बैरंग वापस लौटना पड़ा. इस गतिरोध के कारण रेलवे का रैक और दो इंजन पिछले पांच दिनों से पावर प्लांट में ही फंसे हुए हैं, जिससे परिचालन पूरी तरह ठप है. इस समस्या के समाधान के लिए वाहन मालिक अमरदीप द्वारा मुआवजे की मांग को लेकर एक त्रिपक्षीय वार्ता का आयोजन किया गया था. वार्ता में रेलवे चंद्रपुरा के ट्रैफिक निरीक्षक संजीव कुमार, बरकाकाना आरपीएफ इंस्पेक्टर टीएस अहमद, गोमिया आरपीएफ थाना प्रभारी अजीत कुमार और स्टेशन मैनेजर शैलेश कुमार मौजूद थे. वहीं डीवीसी की ओर से डीजीएम अभिजीत दुले, वरीय प्रबंधक शशिशेखर,आदर्श मधुप, एचआर के वरीय प्रबंधक पार्थ सारथी मुखर्जी, प्रबंधक सुनील कुमार और सीआईएसएफ के निरीक्षक प्रशांत कुमार प्रसून, अनि राजीव कर्ण शामिल हुए. वार्ता के दौरान रेलवे और आरपीएफ की टीम ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि यह मामला पूरी तरह से डीवीसी प्रबंधन के कार्यक्षेत्र का है, इसलिए मुआवजे की जिम्मेदारी भी डीवीसी की ही बनती है. दूसरी ओर,डीवीसी प्रबंधन ने रेलवे के तर्कों को खारिज करते हुए कहा कि दुर्घटना रेलवे इंजन और रेलवे चालक की लापरवाही से हुई है, अत: मुआवजा रेलवे को ही देना चाहिए. डीवीसी अधिकारियों ने सवाल उठाया कि यदि रेलवे अपने चालक को दोषी नहीं मानता, तो फिर दो चालकों को निलंबित क्यों किया गया. मुआवजे को लेकर डीवीसी और रेलवे के बीच जारी इस आरोप–प्रत्यारोप के कारण वार्ता बेनतीजा रही. इधर, मुआवजा नहीं मिलने से नाराज वाहन मालिक के समर्थन में उतरे कांग्रेस नेता प्रमोद सिंह और गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव ने घोषणा की थी कि शुक्रवार को मुआवजे की मांग को लेकर डीवीसी पावर प्लांट के मुख्य द्वार पर जाम कर जोरदार आंदोलन किया जायेगा, लेकिन शुक्रवार को अचानक गेट जाम आंदोलन स्थगित कर दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >