Bokaro News : नगर निगम जारी करेगा टोल-फ्री नंबर, लोग कर सकेंगे शिकायत

Bokaro News : चास नगर निगम कार्यालय में बोर्ड बैठक हुई.

चास नगर निगम कार्यालय के सभागार में सोमवार को मेयर भोलू पासवान की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई. जिसमें डिप्टी मेयर पूजा कुमारी, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार सहित सभी 35 वार्ड पार्षद और सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे. पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और सुझाव रखे. समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. चास चेक पोस्ट सुभाष चौक से भवानी गैस व दादी जी स्वीट्स तक आवागमन के लिए वन वे व्यवस्था लागू करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गयी. उक्त मार्ग पर प्रतिदिन लगने वाले जाम व आम नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए यह निर्णय हुआ. साथ ही ट्रैफिक डीएसपी को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निर्णय लेने का निर्देश दिया गया. वार्ड 23 के ट्रांसपोर्ट गली बाइपास रोड क्षेत्र में नो इंट्री के बावजूद बड़े वाहनों के प्रवेश पर गंभीर चिंता व्यक्त की गयी तथा इस पर प्रभावी रोक लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया. नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए टोल-फ्री नंबर जारी करने का निर्णय लिया गया. टोल-फ्री नंबर पर प्रतिदिन दिन 10 बजे से शाम पांच बजे तक लोग फोन और मैसेज भेज कर के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. टोल-फ्री नंबर पर प्राप्त शिकायतों का प्रतिदिन प्रतिवेदन मेयर के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा.

मेयर और पार्षद अमर स्वर्णकार में हुई तीखी बहस

बैठक के दौरान मेयर और वार्ड 15 के पार्षद अमर स्वर्णकार के बीच बहस हो गयी. पार्षद ने कहा कि वर्तमान में निगम की स्थिति ठीक नहीं है. इसलिए मेयर और डिप्टी मेयर के लिए गाड़ी खरीद पर रोक लगायी जाये. उस पैसे को सफाई से संबंधित मद में खर्च करना उचित होगा. तब मेयर ने कहा कि इस संबंध में बाद में ऑफिस में बात होगी. लेकिन इस मुद्दा को लेकर दोनों के बीच कुछ देर तक तीखी बहस हुई. पार्षद मो आजाद और गायत्री देवी ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की.

बैठक के लिये गये अन्य मुख्य निर्णय

प्रत्येक पार्षद को प्रतिमाह दो टैंकर पानी निःशुल्क उपलब्ध कराया जायेगा. इसके अतिरिक्त टैंकर शुल्क के आधार पर उपलब्ध होंगे.

नगर निगम के सभी विभागीय कर्मचारियों को आगामी बोर्ड बैठक में अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट और लक्ष्य निर्धारण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा.

कार्य में लापरवाही अथवा रुचि नहीं लेने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.

निगम क्षेत्र की सभी सरकारी भूमि की रिपोर्ट टाउन प्लानर और अमीन द्वारा आगामी बोर्ड बैठक तक प्रस्तुत करना होगा.

जन्म -मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित सभी आवेदनों का निष्पादन 15 दिनों के भीतर करना सुनिश्चित किया जायेगा.

वार्डों की समस्याओं के समाधान के लिए पांच सिटी मैनेजरों की जिम्मेदारी तय की गयी.

सफाई व्यवस्था की निगरानी और समाधान की जिम्मेदारी संबंधित सेनिटरी सुपरवाइजर और नगर प्रबंधकों को सौंपी गयी.

जेम के माध्यम से क्रय किये गये बंद पड़े वाहनों को संबंधित कंपनी एवं संवेदक के समन्वय से शीघ्र चालू कराया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >